करनाल, घरौंडा, इंद्री व नीलोखेड़ी में कांग्रेस व भाजपा के बीच टक्कर

समय की ताकत/मनोज राणा * हॉट सीट असंध में त्रिकोणीय मुकाबले के बने आसार * विधानसभा के प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ किया मंथन * करनाल जिले में 12 लाख 3 हजार 495 मतदाताओं में से 7 लाख 90 हजार 335 ने डाली वोट
करनाल। चुनावी समर का शोर भले ही थम गया है पर रिजल्ट ने प्रत्याशियों की धड़कनें जरूर बढ़ा रखी हैं। नेताओं व उनके समर्थकों को बस आज सोमवार को और इंतजार करना होगा। कल मंगलवार को पता चल जाएगा कि इस बार प्रदेश में किसकी सरकार बनेगी। करीब 50 दिन से भागदौड़ कर रहे जिले की पांचों विधानसभा के 55 प्रत्याशियों की निगाहें अब वोटों की गिनती टिकी हैं। सोमवार का दिन मंथन और आगामी रणनीति बनाने में बीता। प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ मीटिंग कर चुनाव की रिपोर्ट ली। मतगणना में तैनात अपनी टीम को दिशा निर्देश भी दिए। प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार पांचों विधानसभा में कुल 65.67 प्रतिशत मतदान हुआ है। जिले के कुल 12 लाख 3 हजार 495 मतदाता हैं। इस हिसाब से 7 लाख 90 हजार 335 ने अपने मत का प्रयोग किया है। घरौंडा व इंद्री में 70 प्रतिशत से अधिक मतदान पर कई तरह की राय सामने आ रही हैं। कुछ का कहना है कि यह बदलाव के संकेत हैं। वहीं नीलोखेड़ी और असंध में 60 फीसदी से ऊपर वोटिंग पर भी सबके अपने-अपने मत हैं। देखने वाली बात यह होगी कि करनाल विधानसभा में 56.37 प्रतिशत वोटिंग के मायने क्या हैं। इसका फायदा सुमिता सिंह को मिलेगा या फिर जगमोहन आनंद बढ़त बनाएंगे। चुनाव के दौरान भाजपा नेताओं व पार्षदों के कांग्रेस के खेमे में जमावड़े से सुमिता सिंह सुर्खियां जरूर बटौरने में जरूर कामयाब रहीं। करनाल, घरौंडा, इंद्री व नीलोखेड़ी विधानसभा में कांग्रेस व भाजपा के बीच टक्कर सीधी टक्कर मानी जा रही है। जबकि हॉट सीट असंध में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार हैं। विधानसभा के वोटर्स की मानें तो यहां हार व जीत का अंतर कम ही रहेगा। शमशेर सिंह गोगी कांग्रेस की जीत का दावा कर रहे हैं। जबकि योगेंद्र राणा के समर्थकों के अनुसार भाजपा चुनाव जीतेगी। यहां बसपा-इनेलो के सांझे उम्मीदवार गोपाल राणा भी बड़ा उल्टफेर कर सकते हैं। चुनाव में यूं बढ़ा वोट प्रतिशत सुबह 9 बजे 6.2 प्रतिशत 11 बजे 15.6 प्रतिशत 12 बजे 28.8 प्रतिशत 1 बजे 41.1 प्रतिशत 3 बजे 49.17 प्रतिशत 5 बजे 60.42 प्रतिशत 6 बजे 65.67 प्रतिशत 2014 से भी ज्यादा सीटें जीतेगी भाजपा : मनोहर लाल बूथ नंबर 182 पर वोट डालने के बाद मीडिया से रू-ब-रू पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का बयान काफी सुर्खियां बटौर रहा है। उन्होंने कहा कि करनाल कंफर्टेबल सीट है। वह खुद यहां से 3 चुनाव लड़ चुके हैं। दावा किया कि करनाल लोकसभा की सभी 9 सीटें भाजपा जीतेगी। हरियाणा में 2014 से भी ज्यादा सीटें भाजपा जीतेगी। मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस के घर में निराशा है। एक तरफ एग्जिट पोल में कांग्रेस को बढ़त और दूसरी तरफ पूर्व सीएम का यह दावा। इस बार प्रदेश में किसकी चौधर होगी। यह मतगणना के बाद ही पता चलेगा। हरियाण में आ रही कांग्रेस सरकार : सुमिता सिंह पूर्व विधायक सुमिता सिंह ने कहा कि करनाल के लोगों ने अपनी बहन व बेटी को आशीर्वाद दिया है। एग्जिट पोल से भी साफ हो चुका है कि भाजपा जा रही है। हरियाणा में कांग्रेस की सरकार आ रही है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता ने वोट किया है। मुझे करनाल हलके की जनता पर पूरा भरोसा है। जनता ने मौका दिया तो विकास करवाकर इसका एहसान उतारेंगे।