सामान्य ऑब्जर्वर ने की इंद्री विधानसभा की चुनावी समीक्षा, निर्वाचन आयोग के मापदंडों पर पूरी चुनाव प्रक्रिया पाई गई सही

समय की ताकत/अमित सरोहा इंद्री, एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी सुरेंद्र पाल ने बताया कि इंद्री विधानसभा चुनाव का मतदान 5 अक्तूबर को समाप्त हो गया। सभी ईवीएम को स्ट्रांग रूम में रखवा दिया गया है। अब नतीजे 8 अक्तूबर को मतगणना के बाद घोषित किए जाएंगे। इस बीच रविवार को भारतीय निर्वाचन आयोग के सामान्य ऑब्जर्वर ने इंद्री विधानसभा की चुनावी समीक्षा की और पूरी चुनावी प्रक्रिया को भारतीय निर्वाचन आयोग के मापदंडों पर सही पाया। एसडीएम ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सामान्य आब्र्जवर ने रैंडमली पोलिंग बूथ से जुड़ी पीओ डायरी, 17 ए, माइक्रो ऑब्जर्वर रिपोर्ट, विजिटर शीट, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट की रिपोर्ट को देखा। इस मौके पर उन्होंने सामान्य से कम प्रतिशत तथा अधिक प्रतिशत वाले बूथों के दस्तावेजों का अवलोकन किया। उन्होंने जांच के दौरान सभी दस्तावेजों को सही पाया। उन्होंने इंद्री विधानसभा चुनाव की अभी तक की पूरी चुनावी प्रक्रिया को भारतीय निर्वाचन आयोग के मानदंडों पर खरा पाया। उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों ने पूरी प्रक्रिया का अवलोकन किया। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई गई।