समय की ताकत/ अमित सरोहा
* किसके सिर सजेगा चौधर का ताज, फैसला 2 दिन बाद
* इंद्री के हलवाना गांव में कांग्रेस प्रत्याशी व भाजपा समर्थकों में गहमागहमी
* इंद्री में शाम 5 बजे तक 67.50 प्रतिशत वोटिंग
इंद्री,विधानसभा इंद्री में छुटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा। शनिवार को वोटिंग के बाद जनमत ईवीएम में कैद हो गया। इंद्री विधानसभा में 6 उम्मीदार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। हलके में किस पार्टी के उम्मीदवार के सिर चौधर का ताज सजेगा यह फैसला 2 दिन बाद आगामी 8 अक्तबूर को होगा। शनिवार सुबह इंद्री हलके 220 बूथों पर प्रशासन के पहरे के बीच वोटिंग शुरू हुई। इससे पहले सुबह साढ़े 5 बजे पोलिंग एजेंटों की उपस्थिति में मॉक पोल की प्रक्रिया पूरी की गई। मतदान केंद्रों पर सुबह के समय भीड़ कम रही। ज्यों-ज्यों दिन चढ़ा वोटर्स की लाइनें बढ़ने लगी। इंद्री हलके में सुबह 9 बजे वोटिंग का आंकड़ा 10 प्रतिशत से कम रहा। शाम को 5 बजे तक यह बढ़कर 67.50 प्रतिशत पर पहुंच गया। विधानसभा चुनाव पर प्रशासन ने अपनी पैनी नजर रखी। निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रशासन की टीमें मतदान केंद्रों पर मुस्तैद रहीं।
बॉक्स : हलवाना में कांग्रेस प्रत्याशी व भाजपा समर्थक में गहमागहमी
इंद्री के गांव हलवाना के बूथ पर भाजपा व कांग्रेस के समर्थकों में गहमागहमी देखने को मिली। इसकी एक वीडियो भी वायरल हुई। जिसमें दर्जनों समर्थकों के साथ मौजूद कांग्रेस प्रत्याशी राकेश कांबोज एक व्यक्ति को बूथ से बाहर जाने के लिए कह रहे हैं। जबकि दूसरे शख्स कह रहा है कि वह वोट डालने आया है और वोट डालकर ही जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि राकेश कांबोज के साथ आए समर्थकों ने नारेबाजी कर माहौल खराब किया। जबकि राकेश कांबोज के समर्थकों ने दावा किया कि एक व्यक्ति बूथ पर माहौल खराब कर रहा था। राकेश कांबोज उसे बाहर जाने के लिए कह रहे थे। वहीं राकेश कांबोज की एक और वीडियो वायरल हुई। जिसमें वह मतदान केंद्र के बाहर एक व्यक्ति को पार्टी का पटका पहनाने की कोशिश कर रहे हैं। जबकि सामने खड़ा व्यक्ति इससे मना कर रहा है।
बॉक्स : खेड़ी मान सिंह में दलित को पीटा
खेड़ी मान सिंह में एक दलित युवक को पीटने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में पीड़ित ने बताया कि कुछ लोग उस पर कांग्रेस की वोट के लिए प्रेशर बना रहे थे। मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई। युवक ने मेडीकल करवाकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।