समय की ताकत/मनोज राणा
* किस हलके में किसके सिर सजेगा ताज, फैसला 2 दिन बाद
* इंद्री के हलवाना गांव में कांग्रेस प्रत्याशी व भाजपा समर्थकों में गहमागहमी
* खेड़ी मान सिंह गांव में दलित युवक को पीटा
* सुबह 9 बजे तक 6.2 फीसदी वोटिंग, शाम 5 बजे 60.42 पर पहुंचा आंकड़ा
* नीलोखेड़ी में सबसे अधिक 15 उम्मीदवार आजमा रहे भाग्य
* असंध में 14, करनाल में 12, घरौंडा में 8 और इंद्री हलके में 6 प्रत्याशी मैदान में
करनाल। विधानसभा चुनाव की करीब 50 दिन से जारी जद्दोजहद के बाद शनिवार को वोटिंग हुई। जिले के मतदाताओं ने मतदान कर अपनी सरकार चुन ली है। वोटिंग के बाद जनमत ईवीएम में कैद हो गया। राजनीति के जानकारों का कहना है कि असंध में कांगेस-भाजपा व बसपा-इनेलो के सांझे प्रत्याशी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। जबकि करनाल, घरौंडा, नीलोखेड़ी व इंद्री में सीधे तौर पर कांग्रेस व भाजपा में टक्कर है। करनाल की इन पांचों सीटों पर 55 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। किस हलके में किस पार्टी के उम्मीदवार के सिर ताज सजेगा यह फैसला आगामी 2 दिन बाद 8 अक्तबूर को होगा। शनिवार सुबह करनाल जिले के सभी 1181 बूथों पर प्रशासन के पहरे के बीच वोटिंग शुरू हुई। इससे पहले सुबह साढ़े 5 बजे पोलिंग एजेंटों की उपस्थिति में मॉक पोल की प्रक्रिया पूरी की गई। मतदान केंद्रों पर सुबह के समय भीड़ कम रही। ज्यों-ज्यों दिन चढ़ा वोटर्स की लाइनें बढ़ने लगी। करनाल जिले में सुबह 9 बजे तक 6.2 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। दोपहर 12 बजे यह बढ़कर 28.8 प्रतिशत पर पहुंच गया। दोपहर एक 1 बजे तक 41.1 फीसदी मतदाता अपनी वोट डाल चुके थे। 3 बजे 49.17 प्रतिशत पर पहुंचा। शाम 5 बजे तक यह आंकड़ा बढ़कर 60.42 पर पहुंच गया।
विधानसभा चुनाव पर प्रशासन ने अपनी पैनी नजर रखी। स्मार्ट सिटी के कंट्रोल रूम से डीसी उत्तम सिंह और एसपी मोहित हांडा ने मॉनिटरिंग की और पल-पल की रिपोर्टिंग ली। निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रशासन की टीमें मतदान केंद्रों पर मुस्तैद रही। नीलोखेड़ी में सबसे अधिक 15 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। असंध में 14 और करनाल में 12 प्रत्याशी मैदान में हैं। घरौंडा हलके में 8 प्रत्याशियों ने दावा ठोका है। इंद्री से सबसे कम 6 प्रत्याशी मैदान में हैं। 55 में से 5 को जिले की जनता विधायक चुनेगी।
इंद्री में कांग्रेस प्रत्याशी व भाजपा समर्थकों में गहमागहमी
इंद्री के गांव हलवाना के बूथ पर भाजपा व कांग्रेस के समर्थकों में गहमागहमी देखने को मिली। इसकी एक वीडियो भी वायरल हुई। जिसमें दर्जनों समर्थकों के साथ मौजूद कांग्रेस प्रत्याशी राकेश कांबोज एक व्यक्ति को बूथ से बाहर जाने के लिए कह रहे हैं। जबकि दूसरे शख्स कह रहा है कि वह वोट डालने आया है और वोट डालकर ही जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि राकेश कांबोज के साथ आए समर्थकों ने नारेबाजी कर माहौल खराब किया। जबकि राकेश कांबोज के समर्थकों ने दावा किया कि एक व्यक्ति बूथ पर माहौल खराब कर रहा था। राकेश कांबोज उसे बाहर जाने के लिए कह रहे थे। राकेश कांबोज की एक और वीडियो वायरल हुई। जिसमें वह मतदान केंद्र के बाहर एक व्यक्ति को पार्टी का पटका पहनाने की कोशिश कर रहे हैं। जबकि सामने खड़ा व्यक्ति इससे मना कर रहा है। इधर, खेड़ी मान सिंह में एक दलित युवक को पीटने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में पीड़ित ने बताया कि कुछ लोग उस पर कांग्रेस की वोट के लिए प्रेशर बना रहे थे। मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई। युवक ने मेडीकल करवाकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। करनाल में एक महिला का वीडियो सामने आया। महिला ने रोते हुए बताया कि उसका वोट कोई और डाल गया है।
यूं बढ़ा वोट प्रतिशत
सुबह 9 बजे 6.2 प्रतिशत
11 बजे 15.6 प्रतिशत
12 बजे 28.8 प्रतिशत
1 बजे 41.1 प्रतिशत
3 बजे 49.17 प्रतिशत
5 बजे 60.42 प्रतिशत
वोटिंग में घरौंडा आगे, करनाल पिछड़ा
मतदान के आंकड़ों पर गौर करें तो करनाल जिले की घरौंडा विधानसभा सीट पर सबसे अधिक मतदान देखने को मिला। शाम 5 बजे तक यहां 68.20 प्रतिशत वोटर अपने मत का प्रयोग कर चुके थे। असंध में 63.50 फीसदी और इंद्री में 67.50 प्रतिशत मतदान हुआ। शाम 5 बजे तक नीलोखेड़ी में 59 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वोटिंग के मामले में करनाल पिछड़ा। यहां 5 बजे तक 46 फीसदी ने ही वोटिंग की। जोकि जिले में सबसे कम रहा।
पूर्व सीएम ने करनाल में डाला वोट
बूथ नंबर 182 पर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि करनाल सीट कंफर्टेबल सीट है। मैंने खुद यहां से 3 चुनाव लड़ चुका हूं। दावा किया कि करनाल लोकसभा की सभी 9 सीटें जीतेंगे। हरियाणा में 2014 से भी ज्यादा सीटें भाजपा जीतेगी। मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस के घर में निराशा है। उनका तनाव जगजाहिर है। अशोक तंवर के कांग्रेस में जाने के सवाल पर कहा कि कुछ न कुछ तो खिचड़ी पकी है।
हरियाण में आ रही कांग्रेस सराकार : सुमिता सिंह
पूर्व विधायक सुमिता सिंह ने करनाल में मतदान के बाद बूथ पर जाकर समर्थकों का हौसला बढ़ाया। सुमिता सिंह ने कहा कि वोट डालकर आ रहे मतदाता खुश हैं। करनाल के लोगों ने अपनी बहन व बेटी को आशीर्वाद दिया है। सुमिता सिंह ने कहा कि भाजपा के बूथों पर कोई नहीं है। कांग्रेस के खेमे में जमावड़े से साफ हो चुका है कि भाजपा सरकार जा रही है। हरियाणा में कांग्रेस की सरकार आ रही है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता ने वोट किया है। मुझे करनाल हलके की जनता पर पूरा भरोसा है।