कांग्रेस झूठ पर जिंदा, शोषण करना इनके डीएनए में शामिल : नायब सैनी

समय की ताकत/मनोज राणा करनाल। करनाल जिले की तरावड़ी अनाज मंडी में ‘म्हारा हरियाणा नॉन स्टॉप हरियाणा’ जन आशीर्वाद रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के डीएनए में ही झूठ बोलना है। झूठ बोलकर ये जनता के वोट लेते हैं और फिर जनता का शोषण करते हैं। नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी झूठ पर जिंदा है। कांग्रेस पार्टी और इसके नेता सिर्फ एक परिवार के लिए वफादार हैं, ये लोग देश और जनता के लिए कभी भी वफादार नहीं हो सकते। हाल ही में जम्मू कश्मीर में नेशनल कांफ्रेंस के साथ हुए गठबंधन ने कांग्रेस की पोल खोल कर रख दी है। कांग्रेस ने वहां आतंकवादियों को सम्मान देने की बात कही है, इसे मेनिफेस्टो में भी दर्ज किया है। नायब सिंह सैनी ने कहा कि मैं राहुल गांधी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा से पूछना चाहता हूं कि क्या देश के जवान को एक तरफ रखकर वे आतंकवादियों को सम्मान देने के पक्षधर हैं। हरियाणा के सैनिक जवान कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेंगे। नायब सैनी ने कहा कि यहां आए हजारों लोगों के हुजूम ने स्पष्ट कर दिया है कि इस बार नीलोखेड़ी से एक कमल खिलकर चंडीगढ़ जा रहा है। रैली में पहुंची मातृशक्ति ने मोहर लगा दी है कि नीलोखेड़ी से कमल खिलेगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के पास न कहने को कुछ है न बोलने को। जब कुछ नहीं बचा तो भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके बेटे हिसाब मांगों यात्रा लेकर निकल पड़े। नायब सैनी ने शायराना अंदाज में कांगेस पर कटाक्ष किया कि ‘दिल में कसक है, चेहरे पर नकाब लिए फिरते हैं, जिनके खुद के खाते खराब हैं, वो हमारा हिसाब लिए फिरते हैं’। रैली में पूर्व विधायक भगवान दास कबीरपंथी, जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा, अलीगढ़ के सांसद और करनाल प्रभारी सतीश गौतम, जिला प्रभारी भारत भूषण जुआल, मीना चौहान, गुरमेश गोंदर, स्वच्छ भारत मिशन के चेयरमैन सुभाष चंद्र, हरियाणा स्टाफ सेलेक्शन कमीशन के सदस्य रहे अमरनाथ सौदा, करनाल की पूर्व मेयर रेनू बाला, जिला महामंत्री सुनील गोयल, जयभगवान सीकरी कृष्ण गर्ग, राजबीर शर्मा, शिवनाथ कपूर, प्रवीण गुप्ता, महिपाल राणा, नरेश बंसल, संजय राणा, राजेश सैनी आदि मौजूद रहे। हुड्डा बताएं दलितों की बस्ती क्यों फूंकी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हम तो हर साल जनता के बीच में जाकर हिसाब देते हैं, लेकिन भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी 10 साल मुख्यमंत्री रहे हैं। वे भी अपना हिसाब दें। जनता को बताएं कि किस तरह कांग्रेस के राज में दलितों की बस्तियों को फूंका गया, दलितों को पलायन के लिए क्यों मजबूर किया गया। किसानों की जमीन क्यों दामाद को खुश करने के लिए लूटी गई, किसानों पर गोलियां क्यों चलाई गई, पेंशन 500 रुपए से ज्यादा क्यों नहीं बढ़ाई गई। नायब सिंह नै कहा कि ऐसे बहुत से सवाल हैं, जिनका जवाब न तो भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पास है और न ही पूरी कांग्रेस पार्टी के पास। हरियाणा की जनता कांग्रेस और भूपेंद्र सिंह हुड्डा को कभी माफ नहीं करेगी। पहले पेंशन के लिए धक्के खाते थे बुजुर्ग मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के शासन में बुजुर्ग पेंशन बनवाने के लिए धक्के खाते थे, पेंशन बन भी जाती थी तो अधिकारियों को खर्ची देनी पड़ती थी। हुड्डा बताएं कि कितनी पेंशन अपने कार्यकाल में बनवाई। कर्मचारियों के ट्रांसफर में भ्रष्टाचार होता था, आज एक बटन से कर्मचारी ट्रांसफर ले सकते हैं, हमने लाखों लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाए। चिरायु योजना चलाकर गरीब लोगों का इलाज करवाने की मुफ्त सुविधा दी। लेकिन कांग्रेस के शासन में ऐसी कोई योजना नहीं थी और गरीब व्यक्ति इलाज के आभाव में दम तोड़ देता था। ऐसे बहुत से सवाल हैं जिनका जवाब हुड्डा और कांग्रेस के पास नहीं है। लोकसभा चुनाव में संविधान को लेकर भ्रम फैलाया रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति झूठ और भ्रम फैलाने वाली है। कांग्रेस के नेताओं को लोकसभा चुनाव में जब कोई मुद्दा नहीं मिला तो राहुल गांधी पवित्र संविधान को ही उठा लाए। कांग्रेस ने झूठ फैलाया कि अगर नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बन गए तो संविधान को बदल देंगे। सबसे बड़ा झूठ घर-घर जाकर यह फैलाया कि कांग्रेस को वोट दोगे तो 8500 रुपये खाते में खटाखट आएंगे, लेकिन हुआ कुछ नहीं। कांग्रेस ने लोगों को गुमराह किया और हरियाणा में भी वे इसी तरह गुमराह कर रहे हैं, इसलिए जनता इनसे सावधान रहें। नायब सिंह सैनी ने कहा कि हुड्डा ने पंजाबी समाज का अपमान किया है। इसे समाज नहीं भूलेगा। मेरे 56 दिनों के हिसाब से ही कांग्रेस के पेट में दर्द हो जाएगा रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जो लोग 10 साल का हिसाब मांगते हैं, उनसे 10 साल का हिसाब सुना नहीं जाएगा। मैं अगर अपने 56 दिनों का हिसाब भी दूं तो कांग्रेस के पेट में दर्द हो जाएगा। मेरे 56 दिनों का हिसाब तो मात्र ट्रेलर है। 8 अक्टूबर को भाजपा की सरकार बनने पर कांग्रेस और भूपेंद्र सिंह हुड्डा को पूरी फिल्म दिखाएंगे। नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने पिछले 10 वर्षों में महिलाओं और युवाओं की सशक्तिकरण के लिए लगातार बिना किसी भेदभाव और क्षेत्रवाद के समान रूप से कार्य किया है। सीएम ने भाजपा कार्यकाल के विकास कार्यों की लंबी लिस्ट गिनाई।