
कुरुक्षेत्र 4 सितंबर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सुशील सारवान ने कहा कि विधानसभा चुनावों के मद्देनजर जिला की चारों विधानसभाओं के सभी बूथों पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बिजली, पेयजल, शौचालय और रैंप आदि सुविधा होनी चाहिए। सभी बीएलओ मतदान बूथों पर इन सुविधाओं को सुनिश्चित करें। अपने अपने समय के बूथों का दौरा करें और जहां भी किसी प्रकार की कमी नजर आती है, उसको समय रहते पूरा करें।
उपायुक्त सुशील सारवान ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगजन और 85 साल से ऊपर के बुजुर्गों को घर से ही वोट डालने के सुविधा दी गई है। ऐसे में बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र में चिन्हित किए गए दिव्यांगजन और बुजुर्गों को घर से ही वोट देने की सुविधा के बारे में जागरूक करें। यदि कोई दिव्यांगजन या बुजुर्ग घर से वोट देना चाहता है तो उनसे फॉर्म 12डी भरवा कर रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में जमा करवाएं। कोई भी बीएलओ अपनी ड्यूटी में किसी प्रकार की कोताही ना बरते। अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को अपने मत का प्रयोग करने के लिए जागरूक करें। नागरिकों को बताएं कि चुनाव लोकतंत्र का पवित्र पर्व है और इसमें सभी की भागीदारी जरूरी है।