
पिहोवा 4 सितंबर रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमंडल अधिकारी नागरिक पिहोवा अमन कुमार ने कहा कि विधानसभा आम चुनाव 2024 के मद्देनजर नामांकन प्रक्रिया 5 सितम्बर से शुरू हो रही है। नामांकन प्रक्रिया की अंतिम तिथि 12 सितंबर है। वे बुधवार को अपने कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की चुनाव से संबंधित ड्यूटियों के बारे में बैठक ले रहे थे।
रिटर्निंग अधिकारी अमन कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा चंडीगढ़ द्वारा विधानसभा आम चुनाव-2024 का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इस शेड्यूल के अनुसार 5 सितंबर को चुनाव से संबंधित गजट नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा तथा 12 सितंबर तक नामांकन किए जा सकेंगे। इसके अतिरिक्त 13 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच पड़ताल व छंटनी की जाएगी तथा 16 सितंबर को उम्मीदवार अपना नामांकन वापिस ले सकेंगे। इसके उपरांत 5 अक्टूबर को मतदान होगा तथा 8 अक्टूबर को मतगणना का कार्य होगा। इन विधानसभा चुनावों को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी को आदर्श आचार संहिता की पालना करनी होगी। पिहोवा विधानसभा क्षेत्र में रैलियों के लिए निर्धारित की गई है और पोस्टर-बैनर इत्यादि लगाने के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्र स्थानों चिन्हित किया गया है।
उन्होंने कहा कि रैलियों के आयोजन और प्रचार-प्रसार की सामग्री लगाने के लिए संबंधित विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचन अधिकारी कम एसडीएम के पास आवेदन करना होगा और सहायक निर्वाचन अधिकारी की अनुमति के बाद ही रैली और प्रचार-प्रसार की सामग्री चस्पा कर सकते है। सभी राजनीतिक दलों से बार-बार अनुरोध किया जा रहा है कि विधानसभा आम चुनाव-2024 को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करवाने के लिए आदर्श आचार संहिता की पालना करें, सभी को मिलकर इस मतदान को महापर्व के रूप में मनाना है। यह तभी संभव हो सकता है, जब सभी एमसीएमसी के नियमों की पालना करेंगे। इस मौके पर तहसीलदार विनती, बीडीपीओ अंकित पुनिया सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।