राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा है देश की अस्मिता की आन-बान-शान : नायब

समय की ताकत/ संजीव बंसल कुरुक्षेत्र, सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश की आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में हर घर तिरंगा अभियान भी शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत देश के साथ-साथ राज्य और जिला स्तर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय ध्वज हमारी अस्मिता और आन-बान-शान का प्रतीक है, इसलिए राष्ट्रीय ध्वजा संहिता के अनुरूप ध्वजारोहण के नियमों का सख्ती से पालन किया जाए और आमजन को नियमों के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी जाए। सांसद नायब सिंह सैनी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर राष्ट्रीय झंडा तिरंगा लहराए और दूसरों भी इसके लिए जागरूक व प्रोत्साहित करे। सभी नागरिकों के लिए यह गर्व की बात है कि सरकार द्वारा हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत नागरिकों को 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर सम्मान पूर्वक राष्ट्रीय झंडा तिरंगा फहराने का अवसर प्रदान किया गया है। हर नागरिक को गर्व व शान से अपने घरों पर इस दौरान तिरंगा फहराकर राष्ट्र के गौरव को बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने देश की झंडा संहिता में बदलाव किया है। इसके तहत अब तिरंगा दिन और रात दोनों समय फहराया जाने की अनुमति रहेगी। इसके साथ ही अब पालिस्टर और मशीन से बने राष्ट्रीय ध्वज का भी उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को मिलकर इस हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल और ऐतिहासिक बनाना है। आमजन को झंडा उपलब्ध करवाने के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में झंडा बिक्री केंद्र खोले गए है। राशन डिपो के माध्यम से झंडा उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसी प्रकार लघु सचिवालय के प्रवेश द्वार के पास भी बिक्री केंद्र खोले गए है।