ओस्का की गतिविधियों में मीडिया की अहम भूमिका: राजपाल

4 अप्रैल को ओस्का मना रही नौवीं वर्षगांठ
कुरुक्षेत्र, आर्गेनाइजेशन फॉर सोशल एंड कल्चरल अवेयरनेस (ओस्का) भारतीय संविधान के रजिस्ट्रेशन एक्ट के तहत एक रजिस्टर्ड संस्था है, जो पूरे भारत में सांस्कृतिक और सामाजिक चेतना तथा जागरूकता के प्रचार- प्रसार के लिए निरंतर सक्रियता से कार्यरत है। यह जानकारी देते हुए ओस्का के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजपाल ने बताया कि यह एक सांस्कृतिक और सामाजिक आंदोलन है जो विभिन्न प्रकार की कलाओं को बढ़ावा देने के साथ- साथ इन्ही को माध्यम बनाकर समाज में फैली कुरीतियों के प्रति जनजागरण करता चला आ रहा है। उन्होनें बताया कि ओस्का अपने पंजीकरण से लेकर आज तक अपने उद्देश्यों पर निरंतर कार्यरत है। उन्होंने कहा कि अपने उद्देश्यों पर कार्य करते हुए मीडिया का विशेष सहयोग मिला। राजपाल ने कहा कि समाचार पत्रों ने ओस्का की गतिविधियों को प्रकाशित किया। जिससे असंख्यों लोगों ने प्रेरणा व ऊर्जा प्राप्त की तथा समाज में सकारात्मक सोच का निर्माण हुआ। मीडिया का उन्होंने विशेष तौर पर धन्यवाद किया। उन्होंने उन सभी का शुक्रिया किया जिन्होंने ओस्का का प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप में सहयोग किया। ओस्का के महासचिव हिमांशु ने बताया कि हमारा उद्देश्य नवयुवकों को मंच प्रदान कर उनमें विद्यमान प्रतिभा को नवऊर्जा, नवचेतना व नवजीवन प्रदान करना है ताकि वे समाज में अपनी अलग पहचान के साथ उन्नति के मार्ग पर अग्रसर हो सकें। इसी के साथ युवाओं में भारतीय संस्कृति और सार्वजनिक राष्ट्रीय सम्पति एवम धरोहरों के प्रति निष्ठा एवं सामाजिक मूल्यों के प्रति जागरूकता पैदा करने का प्रयास ओस्का द्वारा सतत रूप से किया जा रहा है।साथ ही साथ इन भविष्य निर्माताओं में नि:स्वार्थ सेवा के भाव भी पैदा करने के भरपूर प्रयत्न ओस्का की पूरी टीम के द्वारा किया जाता है ताकि ये भारत देश के उत्कृष्ट नागरिक बन सकें।