समय की ताकत
पिहोवा, हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार आजादी का अमृत महोत्सव वर्ष में खेल, खिलाडिय़ों और खेल स्टेडियमों में काम करने वाले कर्मचारियों का निरंतर प्रोत्साहन करने का काम कर रही हे। अब राज्य सरकार ने इस कड़ी में खेल स्टेडियमों में ग्राउंड मैन, चौकीदार, माली, स्वीपर का काम करने वाले कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि करते हुए इसे 10 हजार रुपये कर दिया है। इससे पूर्व इस वर्ग को 5 हजार रुपए ही मिलते थे। इस फैसले से लगभग 254 ग्राउंड मैन और 203 चौकीदार कम माली व स्वीपर को लाभ मिलेगा। इस वर्ग की लंबे समय से यह मांग चली आ रही थी, जिसे मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सहयोग से पूरा कर लिया गया है।
खेल मंत्री ने कहा कि सरकार खिलाडिय़ों के साथ-साथ खेल स्टेडियम व परिसरों में काम करने वाले कर्मचारियों के हित में भी लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने खेल प्रेम का परिचय देते हुए इस बार खेलों के बजट में भी वृद्धि करते हुए इसे 540 करोड से अधिक तक पहुंचा दिया है। जिससे प्रदेश के हजारों खिलाड़ी लाभान्वित होंगे। सरकार खेलों से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिदिन उनके हित में निर्णय ले रही है। खिलाडिय़ों को भी नौकरियों को ओर अधिक अवसर प्रदान करने के लिए सरकार ने तृतीय श्रेणी की कुल नौकरियों में 3 फीसदी की दर से आरक्षण जारी रखने का निर्णय लिया है जबकि चतुर्थ श्रेणी की नौकरियों के लिए खेल कोटा हेतु 10 फीसदी की दर से आरक्षण पहले से ही जारी है। तृतीय श्रेणी में खिलाडिय़ों को विभाग चुनने का मौका भी अब सरकार देगी।