समय की ताकत
कुरुक्षेत्र, विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर पिहोवा में 6 अप्रैल को भाजपा के स्थापना दिवस पर होने वाली ऐतिहासिक रैली में थानेसर हल्का से हजारों लोग शिरकत करेंगे। इस जनसभा को लेकर थानेसर हल्का के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस हल्के के हर गांव और वार्ड में लोगों को स्थापना दिवस की जनसभा का निमंत्रण दिया गया है।
विधायक सुभाष सुधा सोमवार देर सायं थानेसर हल्का के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों का तूफानी दौरा करने के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। विधायक ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के वर्ष में पिहोवा अनाज मंडी में सुबह 11 बजे भाजपा के स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ एक विशाल जनसभा में शिरकत करने के लिए पहुंच रहे है। इस थानेसर हल्का से हर गांव और वार्ड से हजारों लोग पिहोवा में पहुंचेंगे। इस हल्के के हर गांव और वार्ड में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां लगाई गई है और इस हल्के में 150 से ज्यादा बसों का पिहोवा जनसभा के लिए इंतजाम किया गया है।
उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के लिए पीने के पानी और खाने इत्यादि की व्यवस्था का भी इंतजाम किया गया है। उनका प्रयास रहेगा कि थोनसर से लेकर पिहोवा अनाज मंडी तक थानेसर हल्के के वाहनों का काफिला ही काफिला नजर आए। इस जनसभा में पिहोवा के साथ-साथ थानेसर को भी बडी सौगात मिल सकती है। इस हल्का की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल को बकायदा एक सूची सौंपी गई है और उन्हें उम्मीद है कि स्थापना दिवस के इस अवसर पर थानेसर हल्का को भी बड़ी सौगात मिल सकती है। इस जनसभा को लेकर हर गांव और वार्ड में कार्यकर्ताओं का उत्साह और जोश देखते ही बनता है।