चंडीगढ़ पर हरियाणा का पूरा हक : संदीप

चंडीगढ़ पर हरियाणा का है पूरा हक, चुनाव वादों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए पंजाब सरकार कर रही है भ्रमित
हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने गांव भौर सैयदां, सारसा व थाना सहित कई गांवों का दौरा करके छह अप्रैल को होने वाली रैली के लिए निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से चंडीगढ़ को लेकर जो बवाल खड़ा किया गया है, उसका कोई औचित्य नहीं है। चंडीगढ़ पर हरियाणा का पूरा हक है। किसी भी कीमत पर पंजाब सरकार के इस मंसूबे को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।पंजाब में बनी सरकार ने आते ही किसानों पर लाठीचार्ज करने का काम किया। जो लोग सत्ता में आते ही किसानों पर लाठी चला रहे हैं। वे कल हरियाणा के किसानों का पानी भी बंद करने की कोशिश करेंगे। ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ये सब मनगढ़ंत बातें उन वादों से ध्यान भ्रमित करने के लिए पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही हैं। जो वादे चुनाव में वोट लेने से पूर्व जनता से किए गए थे। लोगों का ध्यान उन मुद्दों से हट जाए। इसलिए चंडीगढ़ पर दावा ठोकने जैसे झूठे ड्रामे पंजाब सरकार द्वारा किए जा रहे हैं। इसका जल्दी मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले ही पंजाब में एसवाइएल का हरियाणा के हिस्से का पानी रोका हुआ है। खेल मंत्री ने लोगों को छह अप्रैल को होने वाली भाजपा की स्थापना दिवस रैली का निमंत्रण देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पास हलके का मांग पत्र पहुंच गया है। जिसमें ऐसी सौगात शामिल की गई हैं। इनसे पिहोवा के विकास में ऐतिहासिक परिवर्तन आएगा। भौर सैयदां के सरकारी खरीद केंद्र का विकास होगा उन्होंने कहा कि गांव भौर सैयदां के सरकारी खरीद केंद्र मिनी अनाज मंडी को भी और अधिक विकसित करने का प्रयास जल्दी शुरू किया जाएगा ताकि किसानों को अपनी फसल यहां एकत्रित करने में कोई परेशानी ना हो। गांव थाना में बोलते हुए खेल मंत्री ने कहा कि गांव स्थित ब्रह्मासरोवर तीर्थ को पर्यटन एवं वाइल्ड लाइफ सेंचुरी के हिसाब से विकसित किया जाएगा। यह प्रपोजल सरकार की नालेज में है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में इस दिशा में काम किया जा रहा है।