रक्तदान से बड़ा कोई अन्य दान नहीं : नरेश सैनी

लवीन के जन्म दिन पर पिता डॉ. अरुण ने किया रक्तदान
रवि गोयल/समय की ताकत कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता डायमंड रक्तदाता पर्यावरण प्रहरी एवं राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा द्वारा नागरिक अस्पताल में 386वां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर एक वर्षीय लवीन के जन्म दिन पर आयोजित किया गया। शिविर में सेवानिवृत्त मुख्य तकनीकी अधिकारी नरेश सैनी मुख्य अतिथि के रूप में पधारे जबकि शिक्षिका डॉ. नीतू बाला ने शिविर की अध्यक्षता की। महान रक्तदाता एवं अधिवक्ता मनोज कुमार वशिष्ठ एवं डॉ. अरुण धीमान अति विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे हुए थे और रक्तदान भी किया। मुख्य अतिथि पधारे नरेश सैनी ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर प्रोत्साहित करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई अन्य दान नहीं है। रक्त की एक इकाई से तीन लोगों को लाभ मिलता है। डॉ. नीतू बाला ने कहा कि वे अपने बच्चों के जन्म दिन पर रक्तदान, पौधारोपण और जरुरतमंदों को भोजन परोस कर जन्म दिन मनाते हैं। शिविर संयोजक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने लवीन के माता-पिता डॉ. अरुण धीमान और डॉ. नीतू बाला को बधाई देते हुए कहा कि पश्चिमी सभ्यता को ठुकराते हुए भारतीय संस्कृति को अपनाने की बहुत अधिक आवश्यकता है जो यह परिवार इस बात का साक्षी है। डॉ. अरुण धीमान ने बताया कि उन्होंने आज रक्तदान करके और जरुरतमंदों को भोजन परोस कर बेटे का जन्म दिन मनाया है। महान रक्तदाता एवं अधिवक्ता मनोज कुमार वशिष्ठ ने रक्तदान करते हुए कहा कि रक्तदान अपने लिए भी लाभदायक है। शिविर के संचालन में रक्तदाता प्रशांत शर्मा का विशेष सहयोग रहा। इन्होंने किया रक्तदान- डॉ. अरुण धीमान, अजय, मनोज कुमार, सुशील कुमार, अमर, संदीप कुमार, मनीष कुमार, महान रक्तदाता एवं अधिवक्ता बलिंद्र । इस अवसर पर अंशी, मधु शर्मा, साहिल और निखिल उपस्थित रहे।