कलायत का आमजन भी बोलेगा, जय हिंद बोस : राज्यमन्त्री ढांडा

रवि गोयल/समय की ताकत कैथल, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की विचारधारा की आवश्यकता कल थी, आज है और कल भी रहेगी। उनकी विचारधारा की बदौलत देश के लाखों, करोड़ो युवाओं ने भारतीय आजादी आंदोलन को नई दिशा दी। इस बार 23 जनवरी को कलायत विधानसभा का प्रत्येक आमजन अपने-अपने गांव, अपने-अपने वार्ड में नेता जी सुभाष चंद्र बोस की स्मृति में जय हिंद बोस का उदघोष करेगा। वे आज कलायत विधानसभा के ग्राम प्रमुख एवं वार्ड प्रमुखों की संगठनात्मक तैयारियों को लेकर हुई वर्चुअल बैठक को संबोधित कर रही थीं। राज्यमन्त्री कमलेश ढांडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी की 75वीं वर्षगांठ को देश भर में आजादी के अमृत महोत्सव में तौर पर मनाने का जो संकल्प लिया था, उसमें 15 अगस्त 2023 तक देश की आजादी में योगदान देने वाले गुमनाम नायकों के बलिदान को याद किया जाएगा। इसी कड़ी में ऐतिहासिक तौर पर राष्ट्रीय स्तर पर गणतंत्र दिवस के आयोजन 23 जनवरी से शुरू होकर 30 जनवरी तक चलेंगे। उन्होंने कहा कि 23 जनवरी को पराक्रम दिवस मनाया जा रहा है, जिसको लेकर कलायत विधानसभा के सभी गांव एवं वार्डों में कार्यकर्ताओं में पूरा जोश है। उन्होंने कहा कि नेता जी सुभाष चन्द्र बोस देश की आजादी के ऐसे महानायक हैं, जिनके प्रयासों को कांग्रेस द्वारा न केवल दरकिनार किया गया, अपितु आमजन में उनके प्रति भ्रामक प्रचार भी किया गया। उनकी आवाज पर देश के कोने-कोने से निकले युवाओं ने आजाद हिंद फौज के झंडे के नीचे आकर अंग्रेजी हुकूमत के नाक में दम कर दिया। महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ द्वारा नेता जी एवं उनकी विचारधारा पर बलिदान हुए शहीदों के प्रति आमजन को जागरूक करने का जो संकल्प लिया गया है, हमें उस दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाना है। उन्होंने कहा कि अंडमान-निकोबार द्वीप समूह पर अंग्रेजों द्वारा देश की आजादी के मतवालों को काला पानी पर प्रताड़नाएं के ऐतिहासिक स्थान की मिट्टी को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ जी हरियाणा में लेकर आए तथा लाखों लोगों को इस मिट्टी को नमन करने का अवसर मिला। उन्होंने सभी ग्राम प्रमुख एवं वार्ड प्रमुख को निर्देश दिए कि वो अपने-अपने क्षेत्र में नेता जी सुभाष चन्द्र बोस के प्रति सम्मान दर्शाने के लिए पराक्रम दिवस कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए आमंत्रित करें। इस मौके पर सांसद नायब सिंह सैनी, जिला प्रभारी एवं पूर्व भाजपा अध्यक्ष वेद फुल्लां, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर ने भी वार्ड प्रमुख, ग्राम प्रमुखों को संबोधित करते हुए बेहतरीन आयोजन करने बारे अपने विचार रखे। इस वर्चुअल बैठक में जिला विस्तारक रवि शर्मा, जिला महामंत्री सुरेश संधू, मंडल अध्यक्ष महिपाल राणा, डॉ मदन मटौर, कपिल दीक्षित समेत कलायत विधानसभा के सभी ग्राम प्रमुख, वार्ड प्रमुख जुड़े।