डॉक्टर केवल कृष्ण को मिलेगा डीजी एनसीसी अवार्ड

समय की ताकत / संजीव बंसल करनाल, डीजी एनसीसी दिल्ली के द्वारा वर्ष 2021 के लिए एनसीसी दिवस के अवसर पर भारत देश के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 142 एनसीसी ऑफिसर और एनसीसी कैडेट्स के लिए डीजी एनसीसी अवार्ड की घोषणा की गई। जिसमें 7 हरियाणा बटालियन एनसीसी करनाल एवं दयाल सिंह पब्लिक स्कूल दयाल सिंह कॉलोनी करनाल के एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर डॉ. केवल कृष्ण का नाम शामिल है। इस उपलब्धि के लिए 7 हरियाणा बटालियन एनसीसी करनाल के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल नरेश आर्य, एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल कुलदीप कुमार, विद्यालय की प्राचार्या सुषमा देवगन व मुख्य अध्यापिका प्रिया कपूर ने डॉ. केवल कृष्ण को बधाई दी। इस अवसर पर कर्नल नरेश आर्य ने कहा कि एनसीसी के द्वारा निर्धारित गतिविधियों एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों में अपनी अहम भूमिका निभाने के लिए एनसीसी ऑफिसर एवं एनसीसी कैडेट को यह अवार्ड दिया जाता है। उन्होंने कहा कि डॉ. केवल कृष्ण अपनी सभी जिम्मेदारियों पूरी निष्ठा से निभाते हैं। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ डायरेक्टरेट के द्वारा आयोजित किसी कार्यक्रम में डीजी एनसीसी प्रशंसा पत्र, बेज एवं ₹2500 का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। विद्यालय की प्राचार्या सुषमा देवगन ने डॉ केवल कृष्ण को सम्मानित करते हुए बताया कि यह विद्यालय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि डॉ केवल कृष्ण पर्यावरण प्रेमी हैं और प्रत्येक वर्ष सैकड़ों पौधे लगाते हैं और पारिजात जैसे आयुर्वेदिक पौधे बांटते भी है। इस अवसर पर डॉ केवल कृष्ण ने एनसीसी के पूर्व कमांडिंग ऑफिसर कर्नल डॉक्टर संदीप नैन एवं कमांडिंग ऑफिसर कर्नल नरेश आर्य एवं एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल कुलदीप कुमार का धन्यवाद और आभार प्रकट किया और कहा कि वह हमेशा इसी प्रकार पूर्ण निष्ठा और मेहनत से एनसीसी के लिए काम करते रहेंगे।