समय की ताकत / संजीव बंसल
कुरुक्षेत्र, हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का प्रचार विभिन्न देशों के दूतावासों पर प्रदर्शनी के माध्यम से किए जाने पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न राज्यों की राजधानियों में भी गीता जयंती महोत्सव आयोजित करने पर विचार किया जाएगा। मुख्यमंत्री बुधवार को श्रीमदभगवत गीता की उपदेश-स्थली कुरुक्षेत्र में प्रेसवार्ता वार्ता के दौरान ने पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे। मुख्यमंत्री ने ब्रह्मसरोवर के तट पर श्रीकृष्ण जी द्वारा अर्जुन को दिए गए गीता के उपदेश की मुद्रा में बनी भव्य प्रतिमा के सामने संस्कृति उत्थान की प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए बताया कि वर्तमान में गीता जयंती महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाया जा रहा है। पिछले गीता जयंती महोत्सव में करीब 27 - 28 देशों के विद्वान शिरकत कर चुके हैं। यही नहीं पिछली बार 6 देशों के हाई कमिश्नर ने भी भागीदारी की थी।
उन्होंने जानकारी दी कि कुरुक्षेत्र को को धार्मिक दृष्टि से दिव्य रूप दिया जा रहा है । उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार ने पिछले दिनों श्रीकृष्ण के मुख से निकले गीता के 574 श्लोक के अनुसार देश के 574 जिलों से मिट्टी मंगवा कर श्री कृष्ण जी के विराट स्वरूप को दर्शाते हुए कुरुक्षेत्र में एक भव्य प्रतिमा का निर्माण किया है। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में कोविड-19 के नियमों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा। समारोह स्थल के विभिन्न प्रवेश द्वारों पर आवश्यकता के अनुसार थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी और वैक्सीन लगाई जाएगी। मनोहर लाल ने यह भी बताया कि कृष्णा सर्किट के फेस वन के तहत केंद्र सरकार द्वारा कुरुक्षेत्र में विकास कार्यों पर करीब 97 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और भविष्य में जो भी विकास कार्यों की जरूरत होगी तो धन की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
इस मौके पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह, सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं सूचना जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डा. अमित अग्रवाल, अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के नोडल अधिकारी एवं केडीबी के सदस्य सचिव विजय दहिया, हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के प्रधान सचिव डी सुरेश, अम्बाला मंडल की आयुक्त रेणू फुलिया, उपायुक्त मुकुल कुमार, निदेशक प्रतिमा चौधरी, केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबडा, भाजपा के जिला अध्यक्ष राजकुमार सैनी आदि उपस्थित थे।