नगरपरिषद के कार्यकारी अधिकारी के आदेश पर की गई कार्रवाई
कई रेहडिय़ों व फडिय़ों को लिया कब्जे में
दोबारा रेहडिय़ा न लगाने की दी चेतावनी
समय की ताकत/संजीव बंसल
कुरुक्षेत्र, सिविल अस्पताल के सामने से नगर परिषद की टीम द्वारा रेहड़ी और फडिय़ों को हटाया गया। नप टीम द्वारा कार्रवाई होती देखकर सडक़ पर खड़े रेहड़ी वालों में हडक़ंप मच गया। आनन-फानन में रेहड़ी चालक मौके से इधर-उधर भागते नजर आए। इस दौरान नगर परिषद टीम द्वारा कई रहेडिय़ों को कब्जे में भी लिया। इस मौके पर मुख्य सफाई निरीक्षक रुप रविंद्र बिश्नोई ने बताया कि कार्यकारी अधिकारी के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई को अमल में लाया गया है। शिकायत मिली थी कि सिविल अस्पताल के सामने रोड पर कई रेहडिय़ां और फडिय़ां लगाई हुई है जिससे वाहन चालकों व आने-जाने लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद मुख्य सफाई निरीक्षक बिश्नोई व सफाई निरीक्षक संजय कुमार ने अपनी टीम सहित मौके पर जाकर कार्रवाई की और कई रेहडिय़ों को कब्जे में लिया और अन्य को चेतावनी देकर छोड़ा है।
नगरपरिषद थानेसर के कार्यकारी अधिकारी बलबीर सिंह ने शहर में अवैध रुप से लगे होर्डिंग्स व बैनरों को हटाने आदेश जारी किए है, जिसके बाद नप कर्मचारियों की टीम द्वारा शहर से होर्डिंग्स व बनरों को हटाने का काम किया जा रहा है। इसके लिए नगरपरिषद द्वारा चार कर्मचारियों की टीम कार्य कर रही है जिसमें सचिन, गीता राम, दीप सिंह व सोनू बेदी शामिल है। बलबीर सिंह ने बताया कि सोमवार को अंबेडकर चौंक से लेकर देवीलाल चौंक बिरला मंदिर, कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी का थर्ड गेट व पिहोवा चौंक तक यह अभियान चलाया गया। सोमवार को शहर से करीब 180 होर्डिंग्स व बैनरों हटाया गया है। लोग केवल नगर परिषद द्वारा निर्धारित की गई साइटों पर ही नप से परमिशन लेकर बैनर इत्यादि लगा सकते है। कार्यकारी अधिकारी बलबीर सिंह का कहना है कि अकसर देखा जाता है कि बैनर लगाने वाले लोग पुल व व्यस्त चौंक, चौराहों पर बैनर व होर्डिंग लगा देते है जिसके कारण कई बार वाहन चालकों का ध्यान भटक जाता है और हादसा होने का डर बना रहता है। इसलिए शहर से इन अवैध होर्डिंग को हटाने का कार्य तेजी के साथ किया जा रहा है।