कोरोना हिदायतों की पालना ना करना ही देता है कोरोना संक्रमण को बढ़ावा : अनुभव

संजीव बंसल लाडवा, उपमंडल अधिकारी नागरिक अनुभव मेहता ने कहा कि कोरोना संक्रमण के फैलाव से बचने के लिए हमें हर समय सतर्क रहते हुए सावधानियां बरतने की आवश्यकता है। सावधानियां बरतकर काफी हद तक हम इस संक्रमण के फैलाव को रोक सकते है। कोविड-19 के दृष्टिगत जो भी हिदायत है उसकी हमें शत प्रतिशत पालना करनी है। एसडीएम अनुभव मेहता ने बातचीत करते हुए कहा कि कोरोना महामारी से बचने के लिए अनावश्यक रूप से आमजन को बाहर नहीं निकलना चाहिए, यदि जरूरी हो तभी घर से निकले। घर से बाहर निकलते समय हमें सावधानियां बरतनी है, जिसके तहत घर के लिए सामान लाते समय टोकरी, बैग आदि एवं सैनिटाइजर साथ में रखें। चेहरे को मास्क या कपड़े से अच्छी तरह ढक कर घर से बाहर निकले। दुकानों में अनावश्यक कुछ ना छूएं और दो गज की दूरी का विशेष ध्यान रखें। एटीएम इस्तेमाल से पहले तथा बाद में हाथों को सैनिटाइजर करें, बाहर जाने के लिए जूता, चप्पल अलग से रखें, घर के अंदर पहनकर ना जाएं। सतर्कता ही बचाव है, इसलिए सभी को इन हिदायतों की पालना करनी जरुरी है। उन्होंने कहा कि उपमंडल लाडवा में कोरोना का कोई भी पॉजिटिव मरीज नहीं है। कोरोना महामारी को रोकने के लिए सरकार व प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाए जा रहे है, किंतु आमजन के सहयोग के बिना कोरोना को हराना मुमकिन नहीं है। इसलिए आमजन उपमंडल प्रशासन का सहयोग करें ताकि उपमंडल लाडवा को कोरोना मुक्त रखा जा सके।