सितंबर को मनाया जा रहा है पोषण माह के रूप में

समय की ताकत/विनोद गोयल पिहोवा, उपमंडल अधिकारी नागरिक सोनू राम ने कहा कि पोषण अभियान बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए सरकार का प्रमुख कार्यक्रम है। पोषण अभियान को संतुलित आहार के लिए एक जन आंदोलन बनाया जा रहा है। सितंबर के महीने को पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग, आशा, एएनएम के माध्यम से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के माध्यम से पोषण अभियान से संबंधित गतिविधियां करवाई जा रही है। एसडीएम सोनू राम ने बातचीत करते हुए कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों के स्वस्थ भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए पूरे महीने समग्र पोषण का संदेश फैलाएंगे। इन सभी संदेशों को विभिन्न थीमों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा। पहली थीम 7 सितम्बर तक वृक्षारोपण गतिविधि, पोषण वाटिका के रूप में है। दूसरी थीम पोषण के लिए योग और आयुष है और इसे 8 से 15 सितंबर तक मनाया जाएगा। इसी तरह 16-23 सितंबर तक तीसरी थीम क्षेत्रीय पोषण किट के रूप में मनाया जाएगा। इस प्रकार अंत में 24 से 30 सितंबर तक चौथी थीम एसएएम (सैम) कमजोर बच्चों की पहचान और पौष्टिक भोजन का वितरण है। एसडीएम ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण वाटिका के लिए पौधारोपण अभियान सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल परिसर, ग्राम पंचायतों और अन्य उपलब्ध स्थान पर किया जा रहा है। इसके अलावा, पोषण माह के दौरान 6 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए ऊंचाई और वजन माप के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।