- लापरवाही करने वाले के खिलाफ होगी कार्रवाई
- कुरुक्षेत्र में 1182 सीएससी व आप्रेटर कर रहे है डाटा अपडेट करने का कार्य
कुरुक्षेत्र 7 दिसम्बर (समय की ताकत /संजीव बंसल) अतिरिक्त उपायुक्त महावीर सिंह ने कहा कि परिवार पहचान पत्र का डाटा डैसबोर्ड पर अपडेट करने का कार्य अधिकारी शीघ्र अति शीघ्र पूरा करे। इस जिले में सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी तालमेल के साथ 2 लाख 54 हजार 712 परिवारों का डाटा 17 दिसम्बर तक डैसबोर्ड पर अपडेट करना सुनिश्चित करे। इस कार्य में जरा सी भी लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। इस विषय को लेकर सरकार और प्रशासन गम्भीरता से कार्य कर रहे है।
वे सोमवार को देर सायं लघु सचिवालय के सभागार में परिवार पहचान पत्र के डाटा को अपडेट करने की समीक्षा को लेकर अधिकारियों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में 2 लाख 54 हजार 712 परिवारों के 9 लाख 21 हजार 696 सदस्यों का डाटा डैशबोर्ड पर अपडेट किया जाना है। इसलिए इस कार्य को अधिकारी कर्मचारी एक मिशन लेकर कार्य करना सुनिश्चित करेंगे। इस कार्य को करने के लिए कुरुक्षेत्र के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 1182 सीएससी और आप्रेटर कार्य कर रहे है।
उन्होंने कहा कि खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी 15 दिसम्बर तक जिले के सभी गांवों को कवर करेंगे और रोजाना ज्यादा से ज्यादा परिवारों का डाटा अपडेट करवाना सुनिश्चित करेंगे। अतिरिक्त उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधिकारी के साथ-साथ शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए की सभी स्कूलों में बच्चों व परिवार के सदस्यों के डाटा को अप टू डेट किया जाए। इसी तरह महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी आंगनवाड़ी वर्करों के सहयोग से परिवार पहचान पत्र को अपडेट करे। सभी अधिकारी आपसी तालमेल के साथ इस कार्य को निर्धारित समयावधि में पूरा करेंगे।
