रेत से भरे ट्रक पकड़े तो हुआ बिलों के फर्जीवाड़े का भंडाफोड

प्रताप नगर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर चल रहा था फर्जी बिलों का धंधा
यमुनानगर 3 दिसंबर (नवाब खान )
तिकोना चौक छछरौली पर आरटीओ विभाग की तरफ से रेत बजरी से भरे दो ट्रकों को पकड़कर थाने में बंद किया गया था। गाड़ियों के कागजात व बिल वेरिफिकेशन में  फर्जी पाए गए।  जिसमें पुलिस ने 3 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।  पुलिस ने दो लोगों को मौका पर गिरफ्तार कर लिया व एक की तलाश जारी है।क्षेत्र में बड़े पैमाने पर चल रहे बिलों के फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हुआ है।
प्रतापनगर में जोरों पर फर्जी बिलों का धंधा
बता दें कि छछरौली प्रताप नगर क्षेत्र में रेत बजरी के बड़े खदान हैं। यहां बडा खनन जोन है।वही साथ लगते उत्तर प्रदेश व हिमाचल प्रदेश से भी रेत बजरी का आवागमन होता रहता है। ऐसे में प्रताप नगर क्षेत्र में बडे पैमाने पर  फर्जी बिलों का धंधा चल रहा था। 
यहां फर्जी बिलों के मामले पहले भी कई बार उठ चुके है लेकिन  हर बार मामले दबा दिए जाते रहे। क्षेत्र में संबंधित विभाग की टीमें लगातार गश्त करते रहती हैं। बावजूद उसके फर्जी बिलों का धंधा चरम पर है। ऐसे में विभाग की मिलीभगत से इनकार नहीं किया जा सकता।
थाना छछरौली प्रभारी पृथ्वी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आरटीओ विभाग ने छछरौली से रेत बजरी से भरी दो गाड़ियों को ओवरलोड के मामले में पकड़कर थाना छछरौली में बंद किया था। थाना प्रभारी ने बताया कि उक्त गाड़ियों के बारे में पहले भी पुलिस को गुप्त सूचना मिल रही थी कि यह लोग फर्जी बिल कटवा कर एक बहुत बड़ा फर्जीवाड़ा करते हैं। पुलिस काफी दिन से इनकी तलाश में थी। पकड़ी गई गाड़ियों की जब बिलों की जांच की गई तो पाया गया कि यह लोग पोंटासाहिब से बिल लेकर आते हैं। जब इनके द्वारा दिए गए बिलों की जांच की गई तो पता चला कि यह सभी बिल फर्जी है। बिल काटने वाली फर्म का एड्रेस पोंटा साहिब के नाम से है।पुलिस टीम ने जब पोंटा साहिब जाकर जांच की तो मामले का खुलासा हुआ। अवैध तरीके से फर्जी फर्म बनाकर फर्जी बिल काटे जा रहे थे। फर्जी बिल काट कर सरकार को लाखों का चूना लगाया जा रहा था। समाजसेवी डॉ रवि सिंह की शिकायत पिपली माजरा निवासी रिजवान, पंजेटो निवासी मुस्तकीम व बांबेपुर निवासी जाबिन के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। रिजवान पीपली माजरा और मुस्तकीम पंजेटों को मौका पर गिरफ्तार कर लिया गया है और जो जाबिन की तलाश की जा रही है। पुलिस द्वारा सब इंस्पेक्टर जसवीर सिंह के नेतृत्व मे एक पुलिस टीम गठित कर दी गई है। पुलिस टीम द्वारा इस मामले की जांच की जा रही है। इसमें अभी कई परतें खुलने की आशंका बनी हुई है।