गांव में सभी बिरादरी और समाज को सार्वजनिक भवन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता : संदीप




जसविन्द्र सिंह राज/ समय की ताकत 
पिहोवा, हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि गांवों के साथ-साथ समाज का विकास करना सरकार की प्राथमिकता है। इसी सोच को पूरा करने के लिए सरकार गांव में प्रत्येक बिरादरी व समाज को अपने सार्वजनिक सामुदायिक भवन एवं चौपाल निर्माण में आर्थिक अनुदान सहायता राशि उपलब्ध करा रही है।
खेलमंत्री संदीप सिंह गांव रुआं, अरनैचा व असमानपुर सहित कई गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में बोल रहे थे। उन्होंने गांव अरनैचा में हरिजन चौपाल, वाल्मीकि चौपाल व गुर्जर चौपाल का उद्घाटन भी किया। इस मौके पर खेलमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि प्रत्येक गांव में सभी समाज को अपने सार्वजनिक कार्यक्रम करने के लिए जगह उपलब्ध हो। इससे पूर्व हलके के अनेक गांवों में अनुसूचित जाति की चौपालों व धर्मशालाओं की मरम्मत के लिए लाखों रुपए की अनुदान राशि जारी की जा चुकी है। कोरोना काल के दौरान समाजसेवी संगठनों और संस्थाओं द्वारा किए गए कार्यों का आभार व्यक्त करने के लिए प्रत्येक गांव का दौरा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कोरोना एक बार फिर से विकराल रूप धारण कर रहा है। ऐसे में सभी को सचेत रहते हुए एक दूसरे का ख्याल रखना है। जल्द ही कोरोना की वैक्सीन फाइनल ट्रायल पूरा होने के बाद तैयार हो जाएगी। जिसके बाद सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक व्यक्ति तक वैक्सीन पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। लेकिन तब तक सरकार द्वारा जारी गाइडलाइंस का पालन करते हुए कोरोना के प्रसार को रोकने में सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। इस दौरान उन्होंने गांव गुमथला कि सर्वती देवी को 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी सौंपा। गांव संधौला के हुंदल फार्म में सरदार गुरदीप सिंह, जरासी में कुलवंत सिंह की पत्नी के एवं जलबेहड़ा में पंडित दीपचंद शर्मा की पत्नी के निधन पर भी शोक व्यक्त किया।
खेलमंत्री ने कहा कि ग्रामीणों की तरफ से उन्हें जो भी मांग सौंपी गई है। उन्हें जल्द पूरा किया जाएगा। इस मौके पर ग्रामीणों द्वारा खेलमंत्री का जोरदार अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर पूर्व सरपंच शीशन, सोमनाथ सरपंच, महिंद्र अरनैचा, नरेंद्र कंबोज सरपंच असमानपुर, रतन सिंह सरपंच, मंडल महामंत्री सतपाल गढ़ी रोड़ान, जगपाल सिंह,लवप्रीत सिंह खेहरा, गुरप्रीत सिंह कंबोज, अशोक गुर्जर व जगदीप सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे।