रवि गोयल/ समय की ताकत
कैथल, हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन कृष्ण कुमार ने कहा कि राज्य में किसी भी स्थान पर अगर सफाई कर्मियों का ठेकेदार बदलता है तो नया ठेकेदार पुराने ठेके पर लगे सफाई कर्मियों को नही हटा सकता और अपनी मर्जी से अपने चहेतो को नही लगा सकता। सभी विभाग यह व्यवस्था करना सुनिश्चित करें। प्रदेश में ई-सीवरेज व्यवस्था लागू की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की दिक्कत नही हो।चेयरमैन कृष्ण कुमार लघु सचिवालय स्थित कांफ्रैंस हॉल में अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें जरूरी दिशा-निर्देश दे रहे थे। इस मौके पर आयोग के सदस्य सुनीता अरड़ाना, आजाद सिंह, उपायुक्त सुजान सिंह, एसडीएम डॉ. संजय कुमार व शशि वसुंधरा, नगराधीश सुरेश राविश, डीएमसी कुलधीर सिंह आदि मौजूद रहे। चेयरमैन कृष्ण कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी सफाई कर्मी समाज की सच्ची सेवा करते हैं, उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना हमारा फर्ज है। प्रत्येक 4 माह बाद सभी की स्वास्थ्य जांच होनी चाहिए। इसके साथ-साथ इनके परिजनों का पूरा विवरण आयोग को भेजना सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में शिक्षा व अन्य मूलभूत जरूरतों के बारे में एक प्लान तैयार किया जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थान पर सीवर की सफाई के लिए आदमी अंदर नही जाना चाहिए, अगर कहीं इस तरह की घटना सामने आती है तो संबंधित कार्यकारी अभियंता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन अपने स्तर पर कर्मचारियों की शिकायतों का निवारण प्राथमिकता से करें, ताकि उन्हें आयोग के सामने अपनी समस्या के लिए नही आना पड़े। सभी समस्याएं स्थानीय स्तर पर दूर हों, ताकि भविष्य में किसी को भी दिक्कत नही होनी चाहिए। सफाई कर्मचारियों को वेतन, वर्दी, जूते, गलब्ज इत्यादि समय पर मिले और सभी गुणवत्ता पूर्वक हों, ताकि सफाई का कार्य करने में किसी भी प्रकार की परेशानी नही हो। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों क स्किल बढ़ाने के लिए विशेष ट्रेनिंग करवाई जाए, जिसमें उन्हें सफाई प्रोटोकॉल के बारे में जानकारी दी जाए, ताकि वे सभी सफाई के कार्यों में निपुणता से कार्य करें और संभावित बीमारियों से भी बच सके। जितनी भी योजनाएं सरकार द्वारा सफाई कर्मियों के लिए लागू की गई है, उन सबका लाभ समय पर देना सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों का पूरा डाटा आयोग में दो दिनों में भिजवाना सुनिश्चित करें, ताकि सभी का ईएसआई कार्ड बनवाया जा सके। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पार्ट टाईम सफाई कर्मचारियों का डाटा भी आयोग में भिजवाएं। जिला में 2 कोर्डिनेटर नियुक्त किए गए हैं, वे समय-समय पर प्रशासनिक अधिकारियों से तालमेल करके कर्मचारियों की समस्या का निवारण करवाने का कार्य करें। जो भी सफाई कर्मचारी यूनियन जिला स्तर पर अपनी मांगे देती है, तो उसकी कॉपी आयोग में भी भिजवाई जाए।
उपायुक्त सुजान सिंह ने चेयरमैन कृष्ण कुमार का स्वागत करते हुए कहा कि जिला में सफाई कर्मचारियों के हितों के लिए कार्य किया जा रहा है। सफाई कर्मी शहर की सफाई व्यवस्था में अहम रोल देते हैं। इनके बिना समाज की कल्पना नही की जा सकती। समाज के लोग कूड़ा एकत्रित करता है और सफाई कर्मी उसे साफ करते हैं, इसलिए यह अवधारणा अब बदली है कि कूड़ा वाला नही आया है, बल्कि सफाई करने वाला आया है, कूड़े वाले तो हम हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 को हराने की लड़ाई में सफाई कर्मचारी सच्चे कोरोना वॉरियर्स बनकर फ्रंट लाईन पर रहकर कार्य कर रहे हैं, इसलिए हम सबको इन सबका सम्मान करना चाहिए। कोरोना काल में जिला के सफाई कर्मियों को राशन, सैनिटाईजर, फल, मास्क इत्यादि समय-समय पर वितरित किए गए हैं, भविष्य में जो भी समस्याएं होगी उनका निवारण प्राथमिकता से किया जाएगा।
इस मौके पर आयोग के सदस्य सुनीता अरड़ाना, आजाद सिंह, उपायुक्त सुजान सिंह, एसडीएम डॉ. संजय कुमार व शशि वसुंधरा, नगराधीश सुरेश राविश, डीएमसी कुलधीर सिंह, डीडीपीओ जसविंद्र सिंह, सिविल सर्जन डॉ. ओमप्रकाश, बीडीपीओ रोजी, आशा रानी, संजीव कांगड़ा, महेंद्र बिडलान, शिव चरण, श्याम लाल कल्याण, शक्ति सौदा, बसाऊ राम आदि मौजूद रहे।
- चेयरमैन कृष्ण कुमार ने सुनी सफाई कर्मचारियों की समस्या