कैथल, 5 नवंबर (संजीव कौशिक) जिला के गांव तितरम स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में सत्र 2021-22 के लिए कक्षा छटी में प्रवेश हेतू 15 दिसम्बर 2020 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रवेश के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा का आयोजन शनिवार 10 अप्रैल 2021 को किया जाएगा। विद्यालय के प्राचार्य मुहर सिंह ने बताया कि छटी कक्षा में प्रवेश के लिए सभी सरकारी या मान्यता प्राप्त विद्यालयों के सत्र 2020-21 में पांचवीं में अध्ययनरत विद्यार्थी ही आवेदन कर सकते हैं, जिनका जन्म 1 मई 2008 से 30 अप्रैल 2012 के बीच हुआ है। ग्रामीण क्षेत्र कोटे के अंतर्गत प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यार्थी के लिए आवश्यक है कि उसने ग्रामीण क्षेत्र में स्थित सरकारी विद्यालय, सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय या मान्यता प्राप्त विद्यालय से कक्षा 3, 4, 5 के शिक्षा सत्रों में पूरे सत्र अध्ययन किया हो और वह उनमें उत्तीर्ण हो। आवेदन पत्र जवाहर नवोदय विद्यालय तितरम के कार्यालय के अलावा जिला शिक्षा अधिकारी एवं सभी खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों से सभी कार्य दिवसों में मुफ्त प्राप्त किए जा सकते हैं।
