नरवाना, 7 अक्टूबर : हांसी में एक व्यापारी को बीच सड़क जिंदा जलाने और उससे 11 लाख लूट व हरियाणा में लगातार बढ़ते अपराध को लेकर अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेश संगठन मंत्री मोहित बंसल ने प्रदेश की भाजपा-जजपा सरकार पर निशाना साधते हुए इसे प्रदेश में महाजंगलराज का उदाहरण बताया है। मोहित बंसल ने कहा कि प्रदेश में कानून का नहीं बल्कि अपराधियों का शासन है। उन्होंने कहा कि हांसी में एक व्यापारी को बीच सड़क पर जिंदा जलाने और उससे 11 लाख लूटने की घटना प्रदेश के महाजंगलराज का प्रमाण है। लोगों की जान-माल लूटी जा रही है और सरकार हाथ पर हाथ धरे हुए बैठी है। आखिर प्रदेश के लोग खौफ के साए से कब तक बचेंगे। सरकार बिगड़ती कानून व्यवस्था पर मौन साधे हुए बैठी है और हरियाणा प्रदेश की कानून व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है।