दुष्यंत चौटाला की मौजूदगी में रामनिवास सुरजाखेड़ा ने खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमैन का कार्यभार संभाला

नरवाना, 22 अक्तूबर (मोहित बंसल)  जननायक जनता पार्टी के दो विधायक समेत पार्टी के पांचों नेताओं ने वीरवार को चेयरमैन के पदों पर अपना कार्यभार संभाल लिया। वीरवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने जेजेपी के चेयरमैनों को कार्यभार ग्रहण करवाया और उन्हें शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर पार्टी के गुहला के विधायक ईश्वर सिंह, पार्टी के प्रदेश कार्यालय सचिव रणधीर सिंह सहित कई नेता व अधिकारी मौजूद रहे। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की मौजूदगी में पंचकुला में नरवाना के विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा ने खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमैन पद का कार्यभार संभाला। इससे पूर्व पंचकुला स्थित कार्यालय में हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन व पार्टी के पूर्व विधायक राजदीप फ ोगाट ने अपना पदभार संभाला। इसके बाद डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने शाहबाद से पार्टी के विधायक रामकरण काला को शुगरफैड के चेयरमैन पद का कार्यभार ग्रहण करवाया। हरियाणा डेयरी विकास संघ के चेयरमैन बने जेजेपी नेता एवं गुहला से जेजेपी विधायक के बेटे रणधीर सिंह के कार्यालय पहुंचकर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने उन्हें शुभकामनाएं दी और उन्हें कार्यभार ग्रहण करवाया। वहीं चंडीगढ़ स्थित ऑफिस में डिप्टी सीएम की मौजूदगी हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के चेयरमैन पवन खरखौदा ने अपना कार्यभार ग्रहण किया। पार्टी के नवनियुक्त सभी चेयरमैनों ने अपना कार्यभार ग्रहण करते हुए प्रदेश सरकार द्वारा नई जिम्मेदारी देने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का आभार प्रकट किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उन्हें जो दायित्व दिया गया है उसे वे निष्ठापूर्वक पूरा करेंगे। नरवाना  हलका के प्रधान मियासिंह सिहाग, युवा नेता बिट्टू नैन धरोदी, सतीश सुरजाखेड़ा, सुरेंद्र गोयत, भूपेंद्र मोर, सत्यनारायण नंबरदार कालवन, तरसेम फरैणकलां, पवन कुमार, अनिल ठेकेदार खरल, जगबीर दबलैन, राजेंद्र मोर, सोनू वाल्मीकि ढाकल सहित कई समर्थकों ने दावा किया कि अब हलके में पहले से ज्यादा विकास कार्य करवाए जाएंगे और विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी।