चंडीगढ़ पंचकूला (वासु के मेहता राजधानी ब्यूरो प्रमुख) पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के मोहरे कपूर सिंह नरवाल के नामांकन वापस लेने से क्या भाजपा की जीत का रथ रुक पाएगा और क्या नरवाल कांग्रेस प्रत्याशी की हवा का रुख जीत में बदल पाएंगे।
आज अचानक निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन भरने वाले कांग्रेस से खफा डॉक्टर कपूर सिंह नरवाल ने एक ड्रैमेटिक खेल के बाद अपना नामांकन वापस ले लिया। इस खेल में भूपेंद्र सिंह हुड्डा और निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने खास भूमिका निभाते हुए कहा कि किसान और कमेरा वर्ग की दुश्मन बनी भाजपा को हार का स्वाद चखाने के लिए उन्होंने डॉक्टर कपूर नरवाल से गुजारिश कर उनका नामांकन वापस करवाया। कांग्रेस से टिकट ना मिलने से खफा डॉक्टर कपूर को सरकार से नाराज चल रहे निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने समर्थन देकर निर्दलीय विधायक के तौर पर उनका नामांकन करवाया था।
बरोदा विधानसभा चुनाव के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल कर चुके डॉक्टर कपूर सिंह नरवाल ने आज अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया । हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने योजना के तहत रात को गोहाना में एक पंचायत रूपी बैठक की और डॉक्टर कपूर को नामांकन पत्र वापस लेने के लिए मना लिया ।
आज औपचारिक तौर पर डॉक्टर कपूर के घर हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस के कई नेताओं ने उपरोक्त फैसले के लिए डॉक्टर कपूर का धन्यवाद किया ।इस अवसर पर उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा की कपूर सिंह नरवाल के त्याग से बरोदा विधानसभा क्षेत्र में न केवल कांग्रेस की जीत पक्की हो गई है,बल्कि इसे विधानसभा के चुनाव परिणाम के बाद हरियाणा की राजनीति की दिशा और दशा बदल जाएंगी ।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता बार-बार यह प्रचारित कर रहे हैं कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा के हाथ से पावर का स्टेरिंग लेकर और नेताओं को दे दिया गया है ।उन्होंने कहा कि वे स्टेरिंग हमेशा अपने हाथ में रखते हैं ।उनके स्टेरिंग को कोई नहीं छीन सकता। उन्होंने कहा कि बरोदा की जीत किसान मजदूर की एकता और बरोदा हलके की जनता की जीत होगी ।
इस अवसर पर सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने संबोधन में कहा कि वे डॉक्टर कपूर सिंह नरवाल को सदा मान सम्मान और आदर देते रहेंगे। उन्होंने कहा कि डॉक्टर कपूर सिंह नरवाल का यह कदम हरियाणा की राजनीति के इतिहास के पन्नों में दर्ज होगा । इस अवसर पर गोहाना के विधायक जगबीर मलिक पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू आदि ने भी सभा को संबोधित किया ।
इस अवसर पर डॉ कपूर सिंह नरवाल ने कहा कि उन्होंने यह फैसला सब की रजामंदी के बाद लिया है। उन्होंने कहा कि बरोदा हल्का वासियों के लिए उनके दरवाजे सदा खुले रहेंगे और वे उनके लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे ।
आज के इस फैसले से हल्के में कांग्रेस की स्थिति मजबूत हो गई है और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह का संचार हुआ है।इससे भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार की मुश्किलें बढ़ सकती है ।