शाहबाद (समय की ताकत) उपमंडल अधिकारी नागरिक डा. किरण सिंह ने कहा कि त्यौहारों के दिनों में दुकानदारों के साथ-साथ आम नागरिकों को कोरोना से बचाव करने के लिए पूरी सावधानी बरतनी होगी। इस सीजन में सभी दुकानदारों को मास्क पहनना, सेनिटाईजर का प्रयोग करने के साथ-साथ दुकान में रखे रजिस्टर में प्रत्येक ग्राहक का नाम, पता व मोबाईल नम्बर दर्ज करने का प्रयास करना होगा।
एसडीएम सोमवार को देर सायं एसडीएम कार्यालय में दुकानदारों व अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक को सम्बोधित कर रही थी। एसडीएम ने कहा कि उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ के आदेशानुसार त्यौहारों के सीजन में लोगों व दुकानदारों को कोरोना वायरस के प्रकोप से बचाना है। इसके लिए त्यौहारों के दौरान पूरी तरह सावधानी बरतने की जरुरत है। सभी को हिदायत दी गई है कि शाहबाद मार्किट में दुकानों के बाहर समान न लगाए और ना ही भीड़ होने दे। सभी दुकानदार मास्क और सेनीटाईजर का प्रयोग करेंगे तथा दुकान में एक रजिस्टर रखेंगे, इस रजिस्टर में प्रत्येक ग्राहक का नाम, मोबाईल नम्बर व पता दर्ज करे।
उन्होंने सभी मिठाई व गिफ्ट सेंटरों के संचालकों से अपील की है कि कोरोना बचाव से सम्बन्धित मिठाई व गिफ्ट के डिब्बों पर कोरोना बचाव से सम्बन्धित स्टीकर जरुर लगाए। इसके अलावा पुलिस व नगर पालिका शाहबाद को हिदायत दी गई कि मुख्य बाजार में कोई भी वाहन अंदर ना जाए और भीड़ ना होने दे, जो भी आदेशों की उल्लघंना करे, उसका चालान किया जाए। इस मौके पर तहसीलदारी टीआर गौतम, नायब तहसीलदार परमिन्द्र सिंह संधू, बीडीपीओ सुमित बख्शी, एएफएसओ बीएस संधू सहित अन्य अधिकारी, मार्किट एसोसिऐशन के अध्यक्ष व सदस्य, हलवाई एसोसिऐशन के सदस्य मौजूद थे।
