पिहोवा के विकास के लिए चल रही योजनाओं को अधिकारी करे निर्धारित समयावधि में पूरा : संदीप



पिहोवा (जसविन्द्र सिंह राज हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि पिहोवा को पर्यटन के रुप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार की तरफ से कई योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है और इन योजनाओं पर करोड़ों रुपए की राशि खर्च की जा रही है। इसलिए सभी अधिकारी योजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूरा करे। इस मामले में रतिभर भी लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।खेलमंत्री संदीप सिंह मंगलवार को कैथल रोड पर अंजन यात्रिका में नगर पालिका पार्षदों एवं अधिकारियों की बैठक में बोल रहे थे। इससे पहले खेलमंत्री संदीप सिंह ने पिहोवा में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। खेलमंत्री ने कहा कि गांव भेरियां के राजकीय कालेज में राज्य सरकार की तरफ से साईंस ब्लाक का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस ब्लाक का 64 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। इस ब्लाक के लिए राज्य सरकार की तरफ से 469 लाख रुपए की प्रशासनिक अनुमति दी गई और इसमें से 119 लाख रुपए की राशि सम्बन्धित विभाग को जारी की जा चुकी है। गांव थाना में 100 एकड़ भूमि पर हर्बल पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए सरकार ने 50 लाख रुपए की राशि जारी की है। इस राशि से नहर के स्वच्छ पानी की व्यवस्था की जाएगी और लिक्विड वेस्ट मैनेलमेंट का प्रोजैक्ट भी स्थापित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड की तरफ से सरस्वती तीर्थ पिहोवा को विकसित करने के लिए 673 लाख रुपए का बजट जारी किया है, इसमें से 526 लाख रुपए की प्रशासनिक अनुमति यूएलबी महानिदेशक द्वारा दी जा चुकी है। इस राशि से 7 प्रकार के कार्य किए जाने है और इसमें से 5 कार्य पूरे हो चुके है, 2 कार्य प्रगति पर है। पिहोवा सरस्वती तीर्थ के पास सरस्वती पार्क की चारदिवारी और यात्री निवास के निर्माण के लिए सरकार ने 23 लाख 88 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की है। उन्होंने कहा कि गांव मांगना के तीर्थ के घाटों और पुराने कुएं का जीर्णोद्घार कार्य किया जा रहा है। इस पर करीब 75 लाख रुपए की राशि खर्च की जाएगी और इसका 80 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है।उन्होंने कहा कि सभी वार्ड पार्षद अपने अपने वार्ड में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर खुद ध्यान रखें और उनके वार्ड में जो विकास कार्य करवाए जाने हैं। उनकी सूची नगरपालिका के माध्यम से सरकार के पास पहुंचाए ताकि इन विकास कार्यों को पूरा करवाने के लिए बजट की व्यवस्था की जा सके। खेलमंत्री ने ब्रह्मयोनि तीर्थ पर स्थित हुडा पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगरपालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस पार्क के सौंदर्यकरण का निर्माण कार्य तेज गति से पूरा किया जाए और इसे इतना अधिक सुंदर और भव्य बनाया जाए कि लोग इसमें सैर, व्यायाम व योगा आदि कर सकें।खेलमंत्री ने समाजसेवी रवि जिंदल के व्यापारिक प्रतिष्ठान पर युवाओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि युवाओं की क्षेत्र के विकास में अहम भागीदारी है। इसलिए वे अपने सुझाव उन तक जरूर पहुंचाएं। जिससे यहां के विकास को तेजी से पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को लेकर कई बड़े प्रोजेक्ट पाइप लाइन में हैं। जिन्हें सरकार से अनुमति मिलते ही यहां काम शुरू कर दिया जाएगा। इस अवसर पर युवाओं की तरफ से खेलमंत्री को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। खेल मंत्री ने कार्यकर्ताओं के परिवार में हुए परिजनों के निधन पर भी पहुंचकर शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना दी।