बाबा गैबी साहब मंदिर व मोर पत्ती के तालाबों का किया जाएगा सौंदर्यीकरण

नरवाना, 22 अक्तूबर (मोहित बंसल)  नरवाना शहर में नागरिकों को दो तालाबों में फैली गंदगी से काफी परेशानी हो रही है। शहर के लोग जिसके सुधार की मांग काफी लंबे समय से कर रहे हैं। अब नगर परिषद ने दोनों तालाबों के सौंदर्यीकरण करने का प्रस्ताव निकाय विभाग को भेजा है। जिस पर लगभग साढ़े बीस करोड रूपये का एस्टीमेट बनाकर विभाग को भेजा गया है। जिसमें गैबी साहब मंदिर के निकट साढ़े बीस एकड के तालाब का साढ़े 15 करोड रूपये और मोर पत्ती के निकट के साढे छह एकड़ तालाब का पांच करोड रूपयों का एस्टीमेट बनाया गया है। पूरी कागजी कार्रवाई के बाद एस्टीमेट विभाग को भेजा गया है। जिसकी जल्द ही पास होने की उम्मीद है और अगर इस एस्टीमेंट पर दोनों तालाबों का सुधार हो गया तो शहर के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो जाएगी। गौरतलब है कि बाबा गैबी साहब मंदिर की दूर दूर तक मान्यता है और यहां हजारों श्रद्धालु मंदिर में मन्नतें मांगने आते हैं। तालाब के दूसरी और ऐतिहासिक हनुमान का मंदिर है। इस मंदिर की दूर दूर तक मान्यता है। दोनों मंदिरों के बीच बने इस तालाब में सुंदरता आने के बाद इस क्षेत्र में और सुंदरता बढ़ जाएगी। नगर परिषद की चेयरपर्सन श्रीमती सुनीता चौपड़ा ने बताया कि नगर परिषद प्रशासन ने लोगों की दिक्कतों को देखते हुए यह कदम उठाया है। जिसका एस्टीमेंट करीब बीस करोड रूपया का बना है। इस निर्माण के बाद जहां लोगों को गंदगी से निजात मिलेगी वहीं लोगों के लिए घुमने और सैर के लिए सुंदर जगह बनेगी। बच्चों के लिए मनोरंजन करने के साधन मुहैया करवाएं जाएंगे। बुजर्गाे के लिए कई प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।