पिहोवा (जसविन्द्र सिंह राज ) हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि मां सरस्वती तीर्थ का धार्मिक व पर्यटन की दृष्टि से विकास करना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए ब्राह्मण व तीर्थ पुरोहित समाज का सहयोग और मार्गदर्शन आवश्यक है। सरकार व समाज मिलकर इस क्षेत्र को धर्म व पर्यटन की दृष्टि से इतना अधिक विकसित करेंगे कि यह पूरे देश के लिए मिसाल साबित होगा। खेलमंत्री बड़ा शिवालय मंदिर में ब्रह्मलीन स्वामी उत्तम गिरी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी उत्तम गिरी जी ने अपना जीवन इस समाज और क्षेत्र की सेवा में लगाया। उनके योगदान को आने वाली पीढिय़ां याद रखेगी। इस दौरान उन्होंने महंत बंसी पुरी के सानिध्य में बड़ा शिवालय में चलाए जाने वाले निर्माण कार्य के लिए दो लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा भी की। तीर्थ पुरोहित समाज की ओर से आशीष चक्रपाणि की अध्यक्षता में खेल मंत्री का आभार व्यक्त किया गया। आशीष चक्रपाणि ने कहा कि खेल मंत्री के प्रयास से अब सरस्वती तीर्थ पर पूजा पाठ का कार्य सुचारू रूप से शुरू होगा। खेलमंत्री के निर्देशानुसार प्रशासन और ब्राह्मण व तीर्थ पुरोहित समाज आपस में मिलकर ऐसी नीति बनाएंगे कि कोरोना नियमों का भी पालन होता रहे और तीर्थ पर कार्य भी सुचारू रूप से जारी रहे।
खेलमंत्री ने महंत बंसी पुरी को आश्वासन दिया कि धार्मिक स्थलों एवं धर्म की रक्षा के लिए सरकार साधु संतों का पूरा सहयोग करेगी। इसके अलावा खेलमंत्री ने बिजली का करंट लगने से घायल हुए गांव लोटनी के निर्मल सिंह को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की। करंट लगने के बाद पीजीआई में इलाज के दौरान निर्मल सिंह का जीवन बचाने के लिए उनका हाथ काटना पड़ा। जिससे परिवार को मदद की जरूरत थी। खेलमंत्री ने इस परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता मुहैया कराने की घोषणा की है।
