शहर के चारो तरफ कटी अवैध कॉलोनियों में धड़ल्ले से हो रहा अवैध निर्माण, जिला नगर योजनाकार विभाग केवल नोटिस जारी कर कर रहा ड्यूटी पूरी





इंद्री (अमित सरोहा) इंद्री शहर के चारो तरफ कटी अवैध कॉलोनियों में धड़ल्ले से अवैध निर्माण हो रहा है। क्लोनाईजर कृषि योग्य भूमि में लगातार प्लॉट काटकर कहीं रिहायशी तो कहीँ कमर्शियल निर्माण करने में लगे हुए हैं। लेकिन जिला नगर योजनाकार विभाग केवल नोटिस जारी कर अपनी ड्यूटी पूरी कर रहा है। शहर में एंट्री करने से पूर्व ही अवैध कॉलोनियों में तेजी से होता अवैध निर्माण साफ दिखाई देता है। परंतु जिला नगर योजनाकार विभाग कार्रवाई करने की बजाय हाथ पर हाथ धरे बैठा हुआ है। इस बारे में स्थानीय निवासी बलबीर सैणी, राजेश कुमार, कृष्ण कुमार और असलम खान का कहना है कि अवैध कॉलोनी के काटने पर सरकार ने रोक लगाई हुई है। फिर भी शहर के चारो तरफ अवैध कॉलोनी काटी भी जा रही हैं ओर विकसित भी हो रही है। ऐसा नही है कि विभाग को इनकी भनक नही है,  बल्कि बिना विभागीय अधिकारियों की मिलिभगत के बिना क्लोनाईजर अवैध कालोनी काट ही नही सकता।क्षेत्र में अवैध कॉलोनी काटने का गोरखधंधा विभागीय अधिकारियों की शह पर ही चल रहा है। यदि जल्द ही विभाग ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई नही की तो इस मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।  
  • विभाग के लगाए बोर्ड भी हुए गायब  ऐसा नही है कि विभाग अवैध कॉलोनियों को लेकर सख्त नही है। दरअसल कुछ माह पूर्व डीटीपी विक्रम सिंह की अगुवाई में अवैध कॉलोनियों में कंई डीपीसी ओर सड़कें ध्वस्त करने के बाद आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए बोर्ड भी स्थपित किए गए थे। जिनमें साफ लिखा था कि ये अवैध कालोनी है। इसमें प्लॉट ना खरीदें। परंतु कुछ समय बाद ही क्लोनाईजरो ने इन बोर्ड को गायब कर दिया दूसरे शब्दों में कहे तो उखाड़कर फैंक दिया। जिसके बाद आम व्यक्ति दोबारा से क्लोनाईजर के झांसे में फंसकर अवैध कॉलोनी में प्लॉट खरीद रहे हैं। 
  • सुंदर आशियाने की तलाश में भौतिक सुविधाओं से भी महरूम अवैध कॉलोनियां  
दरअसल आम आदमी अपने सुंदर आशियाने की तलाश में अवैध कॉलोनी में प्लॉट खरीद लेता है। क्योंकि प्लॉट बेचने से पूर्व क्लोनाईजर उसे कॉलोनी में सीवरेज, सड़कें ओर पानी आदि तमाम सुविधा देने की बात करता है। इसके बाद क्लोनाईजर प्लॉट बेचकर भाग जाता है। जिसके बाद कॉलोनी में रहने वालों को सड़के, पानी ओर बिजली की सुविधा उपलब्ध नही होती। शहर के गुरुद्वारे के पास और उधम सिंह स्कूल के पास बनी अवैध कॉलोनी के बाशिंदे आज भी भौतिक सुविधाओं से महरूम हैं।   
  • इंद्री में कितनी ओर कहाँ स्थित हैं अवैध कॉलोनी  इंद्री में इंद्री-लाडवा रोड़ पर स्थित अवैध कॉलोनी  मटकमाजरी अड्डे के पास करीब 2 एकड़ में कटी अवैध कॉलोनी  मटकमाजरी से खेड़ा के रास्ते पर कटी अवैध कॉलोनी  बजाज पैलेस के पास कटी अवैध कॉलोनी 
  • अवैध कॉलोनी काटने वालों के खिलाफ जल्द करेंगे कार्रवाई 
इस मामले में डीटीपी विक्रम सिंह का कहना है कि अवैध कॉलोनी काटने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही इंद्री क्षेत्र में कटी  अवैध कॉलोनियों में कार्रवाई की जाएगी।इसके अलावा कोई भी व्यक्ति अवैध कालोनी में प्लॉट ना खरीदे। 
विक्रम सिंह, डीटीपी करनाल।