धान व मक्का की खरीद में किसी भी प्रकार की कौताही नहीं होगी बर्दाशत : कैलाश भगत

  • एक सप्ताह के भीतर कर दिया जाएगा किसानों की फसल का भुगतान
  • एमएसपी पहले की तरह रहेगी कायम
  • विपक्षी दल किसानों को गुमराह करने से बाज आएं
  • हैफेड ने खरीदा 13 लाख मीट्रिक टन धान



पिहोवा (जसविन्द्र सिंह राज) हैफेड के चेयरमैन कैलाश भगत ने कहा कि आढ़तियों, व्यापारियों व किसानों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं सहनी पड़ेगी। उन्होंने सभी को आश्वासन दिया कि उनकी हर प्रकार की समस्या का मौके पर निवारण किया जाएगा। किसानों की फसल का एक-एक दाना एमएसपी पर खरीदा जा रहा है व भविष्य में भी किसानों की फसल एमएसपी पर खरीदी जाएगी।
चेयरमैन कैलाश भगत बुधवार को पिहोवा उपमंडल के सिंचाई विभाग के विश्रामगृह में आढ़तियों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। दौरान मौके पर पिहोवा हैफेड के अधिकारियों ने फूलों की माला पहनाकर व बुके देकर चेयरमैन का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने सभी समस्याओं को सुना और मौके पर कई समस्याओं का निवारण भी किया। इस मौके पर आढ़तियों ने फसल के भुगतान के बारे में अपनी बात रखी और कहा कि उन्हें अभी तक रकम की अदायगी नहीं मिली। जिस पर चेयरमैन ने कहा कि पिहोवा उपमंडल में कुल 108 करोड़ रुपए की अदायगी की जानी है, जिसमें से 20 करोड़ रुपए आढ़तियों व किसानों के खाते में सीधे जमा करवाए जा चुके हंै। शेष राशि का भुगतान आगामी 5 से 7 दिनों के भीतर किया जाएगा।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि विपक्षी दल किसानों को गुमराह करने का कार्य कर रही है। इसलिए किसान विपक्षी दलों के बहकावे में न आएं। केंद्र सरकार द्वारा पारित किए गए कृषि बिल जोकि कानून का रूप ले चुका है, वह पूरी तरह से किसान हित में है। लेकिन विपक्षी दल किसानों को इन बिलों के बारे में गुमराह करने की नीति पर काम कर रहे हैं। आने वाले समय में जब प्रदेश व देश का किसान केंद्र सरकार द्वारा पारित किए गए बिलों को पूरी तरह से समझ लेगा, तो सरकार द्वारा लाए गए कृषि बिल किसानों की बेहतरी का काम करेंगे।
चेयरमैन ने आश्वासन दिया कि प्रत्येक किसान, व्यापारी व आढ़ती को फसल के भुगतान की एक-एक पाई सीधा उनके खातों में अदा की जाएगी व कोई भी अदायगी पेंडिंग नहीं रखी जाएगी। उन्होंने आढ़तियों व व्यापारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के हित में जो बिल बनाया है, उसमें कोई भी कमी नहीं है तथा यह बिल पूरी तरह से किसानों, व्यापारियों व आढ़तियों के हित में है। बैठक के पश्चात चेयरमैन कैलाश भगत ने पिहोवा अनाजमंडी का दौरा किया तथा फसल की गुणवत्ता व उसके उठान का पूरा जायजा किसानों व आढ़तियों से लिया। उन्होंने मौके पर किसानों से कहा कि उन्हें उनकी फसल का पूरा  मूल्य दिया जाएगा। उन्हें किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने सरकार द्वारा बनाए गए बिल का स्वागत कर उसमें दिए गए किसानों के हित के बारे में भी विस्तार से किसानों को बताया। इस मौके पर मक्का किसानों ने चेयरमैन हैफेड व सीजेएम के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए कहा कि उन्होंने मक्का की फसल लगाई थी, जिसकी पैदावार प्रति एकड़ लगभग 25 से 30 क्विंटल हुई है लेकिन सरकार द्वारा एक एकड़ से 10 क्विंटल की मक्के की खरीद का जो नियम बनाया है, उसके चलते किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए चेयरमैन हैफेड उनकी इस समस्या को हल करवाने के लिए उचित कदम उठाएं। किसानों को विश्वास दिलाते हुए चेयरमैन हैफेड कैलाश भगत ने कहा कि वे जल्द ही इस समस्या के समाधान के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री से भेंटवार्ता करेंगे।
सीजेएम हैफेड आरपी साहनी ने कहा कि हैफेड द्वारा धान की खरीद के साथ-साथ मक्का की खरीद की जा रही है, जिस बारे में सम्बंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं कि वे उपरोक्त फसलों की खरीद के मामले में किसी भी प्रकार की कौताही न बरतें। विभाग द्वारा अब तक पूरे प्रदेश से लगभग 13 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है और लगभग 85 प्रतिशत फसल का उठान का कार्य भी पूरा किया जा चुका है। इस मौके पर हैफेड के जिला मैनेजर शीशपाल गौरी, सचिव मार्केट कमेटी पिहोवा चंद्र सिंह, भाजपा के वरिष्ठï नेता युधिष्ठिïर बहल, प्रेमपाल पुरी, विशाल चावला, शिवचरण बहल, कृष्ण ग्रोवर, प्रेम सिंह, मदन धवन, नंदलाल सिंगला, मान सिंह, शुभम पुरी, हैफेड पिहोवा मैनेजर गुरदेव सिंह, राजकुमार, सतीश सैनी, नरेंद्र पुरी, रविंद्रपाल सिंह वडै़च सहित आढ़ती, व्यापारी व किसान मौजूद रहे।