- सब्जी मंडी के लिए बनेगी सर्विस रोड़, गेट नम्बर 2 के पास बनेगा पार्किंग स्थल
- सीवरेज की व्यवस्था पर खर्च होगा 9 लाख 28 हजार
- पीने के पानी की व्यवस्था पर खर्च होगा 4 लाख 77 हजार
कुरुक्षेत्र (संजीव बंसल) थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि कुरुक्षेत्र की नई सब्जी मंडी के सौंदर्यकरण की योजना तैयार की गई है। इस सब्जी मंडी में व्यापारियों और आम नागरिकों की सुविधा को जहन में रखकर योजना पर काम किया गया है। इस सौंदर्यकरण के कार्य पर हरियाणा मार्किटिंग बोर्ड (एचएसएएमबी) की तरफ से 82 लाख 85 हजार 571 रुपए की राशि खर्च की जाएगी। इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए विकास कार्यों के लिए टेंडर जारी कर दिए गए है।
उन्होंने आज यहां विशेष बातचीत करते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र की नई सब्जी मंडी में सुविधाओं में ओर अधिक इजाफा करने, पार्किंग का निर्माण करने, पीने के पानी की अच्छी व्यवस्था, पानी निकासी के बेहतर प्रबंध, पार्क, शैड सहित अन्य प्रबंधों के लिए व्यापारी और आम नागरिकों ने अपनी बात रखी। इतना ही नहीं सब्जी मंडी में रोजाना आने वाले हजारों लोगों को सुविधाए मुहैया करवाने और व्यापारियों को समस्याओं से निजात दिलाने के लिए एचएसएएमबी के अधिकारियों से बातचीत की गई और इन अधिकारियों को बकायदा शीघ्र अति शीघ्र योजना बनाने के आदेश कुछ समय पहले ही दिए गए थे। इन आदेशों के बाद एचएसएएमबी ने कुरुक्षेत्र की नई सब्जी मंडी के सौंदर्यकरण के साथ-साथ सुविधाजनक बनाने के लिए योजना तैयार की है। इसके साथ ही योजना पर कार्य करने के लिए एक खाका तैयार किया है और बकायदा 82 लाख रुपए की राशि का टेंडर भी जारी किया है।
विधायक ने कहा कि सब्जी मंडी में दुकान नम्बर 322 से 357 के पीछे सर्विस रोड़ बनाने के लिए 35 लाख 38 हजार 78 रुपए का प्रावधान किया है। इसके अलावा मंडी की प्रवेश सडक़ों के पास फुटपाथ बनाने, 80 एमएम की थीक इंटर ब्लाक, पैवर ब्लाक टाईल लगाने के लिए 6 लाख 33 हजार 202 रुपए, गेट नम्बर 2 के पास पार्क का निर्माण करने पर 15 लाख 46 हजार 150 रुपए, दुकान नम्बर 322 से 357 के पीछे सीवरेज स्कीम पर 9 लाख 28 हजार 514 रुपए, इन्ही दुकानों के पीछे पीने के पानी की पाईप लाईन बिछाने पर 4 लाख 77 हजार 690 रुपए की राशि खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि सब्जी मंडी में जीआईके शैड को सीजीआई शीट के साथ बदला जाएगा, इस कार्य पर 11 लाख 61 हजार 937 रुपए की राशि खर्च की जाएगी। इस प्रकार इस सब्जी मंडी पर विभिन्न विकास कार्यों के लिए कुल 82 लाख 85 हजार 571 रुपए खर्च किए जाएंगे।

