बारिश के मौसम को देखते हुए नदियों, नालों के पास जाने से बचें, माता-पिता को चाहिए कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें : डी.सी


अम्बाला, 24 अगस्त (शेखर चन्द्र बंसल) उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने जिला के सभी एसडीएम, तहसीलदार व बीडीपीओ को निर्देश दिये हैं कि बारिश के मौसम के देखते हुए लोगों को जागरूक करें कि वे नदियों व तालाबों में नहाने इत्यादि के लिये न जायें। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में नदियों, नालों व तालाबों में पानी अचानक बढ़ जाता है और ऐसे में जो बच्चे व बड़े व्यक्ति उनमें प्रवेश करते हैं तो दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिये हैं कि वे लोगों को इस बारे में जागरूक करने के लिये पुलिस के साथ मिलकर नदियों, तालाबों के किनारे साईन बोर्ड लगाएं कि वे नदियों, नालों व तालाबों इत्यादि में प्रवेश न करें। इस संदर्भ में पहले भी निर्देश दिये जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कोई हादसा न हो, इसके लिये समय रहते जो भी प्रबन्ध हैं, वे पूर्ण कर लिये जाएं। नदियों, तालाबों के आस-पास के गांवो के लोगों को ग्राम पंचायतों के माध्यम से इस बारेे में जागरूक किया जाये कि वे बच्चों व बड़ों को बताएं कि बारिश के मौसम में नदी, तालाबों में प्रवेश करना बेहद खतरनाक है।
            उपायुक्त ने कहा कि जिला से गुजरने वाली प्रमुख नदी मारकंडा, बेगना, रूण, टांगरी आदि नदियां हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों से शुरू होकर यहां से निकलती हैं और पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश होने पर इनमें अचानक पानी बढ़ जाता है। इसलिये यह बेहद जरूरी है कि कोई भी व्यक्ति इस दौरान नदी, नालों व तालाबों में प्रवेश न करें। उन्होंने सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिये हैं कि नदियों के जल स्तर पर नजर रखें।