कैथल, 19 अगस्त (संजीव कौशिक) अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर सिंह कुंडु ने कांफ्रैंस हॉल में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं से संबंधित बैठक लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि जितनी भी योजनाओं पर कार्य चल रहा है, उन्हें जल्द पूरा करें, ताकि संबंधित व्यक्तियों को योजनाओं व परियोजनाओं का लाभ मिले। इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही नही होनी चाहिए। बिजली विभाग गुहला के कार्यकारी अभियंता को बैठक में नही आने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
एडीसी सतबीर सिंह कुंडु ने कहा कि जिला में मुख्यमंत्री द्वारा कुल 286 घोषणाएं की गई हैं, जिनमें से 169 पूरी हो चुकी है, 75 पर कार्य चल रहा है तथा 23 लंबित है। इसके साथ-साथ 19 घोषणाएं नोट फिजिबल है। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं पर कार्य होना है, संबंधित विभाग उच्चाधिकारियों से तालमेल करके आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें, ताकि सभी पर कार्य शुरू हो और जल्द पूरा भी हो। सभी योजनाएं दिए गए समय पर पूरी करवाना सुनिश्चित करें, इसके साथ-साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। पशुपालन विभाग को निर्देश दिए गए कि गांव धुंधरेहड़ी, धौंस, खेड़ी सिंबलवाली, रमाणा-रमाणी, सांच में बनने वाले पशु अस्पताल व औषधालय से संबंधित कार्य जल्द पूरा करें, ताकि संबंधित गांव के साथ-साथ आसपास के लोग इसका लाभ उठा सके। एडीसी ने निर्देश दिए कि संबंधित विभाग के अधिकारी अपने-अपने कार्य क्षेत्र में जाकर चल रहे कार्यों की खुद मोनिटरिंग करें और उसकी वर्तमान में जो स्थिति है, उसकी रिपोर्ट सबमिट करें। कुरूक्षेत्र विकास बोर्ड से संबंधित जितने भी कार्य जिले में चल रहे हैं, उनकी फिजिकल वैरिफिकेशन करके उसकी रिपोर्ट 7 दिन के अंदर देना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी योजनाओं की फीडबैक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर उपमंडलाधीश डॉ. संजय कुमार, शशि वंशुधरा, डीडीपीओ जसङ्क्षवंद्र सिंह, बीडीपीओ रोजी, फूल सिंह, कार्यकारी अभियंता कर्णवीर, कुलदीप, एम.एस.राणा, प्रशांत, मनोज कुमार मौजूद रहे।