शाहबाद मारकंडा (समय की ताकत) एसडीएम डॉ. किरण सिंह ने कहा कि उपमंडल क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी का कोरोना वायरस टेस्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के फैलाव से बचने के लिए एकमात्र उपाए सोशल डिस्टैंसिग व स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी हिदायतों की अनुपालना करना है। उन्होंने कहा कि आमजन को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी की गई हिदायतों की अनुपालना बारे सचेत करने के लिए विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जागरूक करने का काम किया गया है। लोगों द्वारा इसकी अनुपालना भी की जा रही है। एसडीएम डा. किरण सिंह ने वीरवार को शुगर मिल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए कोरोना वायरस टेस्ट कैंप में निरीक्षण के दौरान बताया कि आमजन के सहयोग से ही कोरोना वायरस के फैलाव को रोका जा सकता है। कोरोना वायरस को रोकने के लिए हिदायतों की मजबूती से पालना करने की जरूरत है। लोगों को प्रेरित करना हम सबकी सांझी जिम्मेदारी है। इसीलिए संक्रमण के फैलाव को रोकने के दृष्टिगत सभी जिम्मेदारी के साथ हिदायतों की पालना करें। उपमंडल प्रशासन द्वारा मास्क न पहनने वालों पर नकेल कसते हुए उन जुर्माने की कार्रवाई जारी है। प्रशासन का मकसद चालान काटना नहीं है बल्कि लोगों को हिदायतों की पालना के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि कार्य स्थल व बाहर जाते समय मास्क पहनना अनिवार्य है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे निरंतर हिदायतों की पालना करते हुए स्वयं सुरक्षित तथा दूसरों को भी सुरक्षित रखने का काम करें। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गठित टीम के माध्यम से लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है, इसके अलावा जो व्यक्ति बाहर से आ रहे हैं विशेषकर हवाई या रेल मार्ग के माध्यम से जो व्यक्ति उपमंडल क्षेत्र में आते हैं उनके स्वास्थ्य की जांच भी की जा रही है। एसएमओ डॉक्टर रूपिंदर सैनी ने बताया कि आज शुगर मिल कैंप में 152 व्यक्तियों के कोरोना वायरस टेस्ट के सैंपल लिए गए जिसमें 66 रैपिड टेस्ट किए गए। जिसमें एक महिला सहित दो व्यक्ति पॉजिटिव आए हैं उन्होंने बताया कि 86 व्यक्तियों के लैब सैंपल लिए गए हैं। इस अवसर पर डॉक्टर आशमी, स्वास्थ्य विभाग सहित शुगर मिल के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
