कुरुक्षेत्र ( संजीव बंसल ) भारतीय पत्रकार कल्याण मंच रजिस्टर्ड राष्ट्रीय मुख्यालय कुरुक्षेत्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन आश्री, राष्ट्रीय महासचिव मेवा सिंह राणा, हरियाणा प्रदेश के मुख्य संरक्षक जगदीश रावी व हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष विजय बजाज ने फतेहाबाद से दैनिक हरिभूमि के ब्यूरो चीफ रामकुमार भारती की पत्नी की सड़क हादसे में हुई मौत पर गहरा दु:ख जताया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन आश्री ने भगवान से प्रार्थना की है कि प्रभु शोक संतप्त परिवार को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करे। उल्लेखनीय है कि रविवार दोपहर को हांसपुर रोड फोरलेन पर दो कारों की भीषण टक्कर हो गई। जिसमें पत्रकार का पूरा परिवार घायल हो गया। इस हादसे में दोनों कारों में सवार 10 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं उपचार के दौरान पत्रकार की पत्नी की मौत हो गई। ढाणी ईशर निवासी व फतेहाबाद शहर में रह रहे पत्रकार रामकुमार भारती, उसकी 54 वर्षीय पत्नी कमलेश, बेटी राजबाला व बेटा मोनू रविवार को फतेहाबाद से अपने गांव ईशर जाने के लिए रिड्ज कार में सवार हो गए। दोपहर 12 बजे जैसे ही हांसपुर रोड से फोरलेन को पार कर रहे थे तो इसी दौरान हिसार से तेज गति से आ रही डिजायर गाड़ी से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कार में सवार 10 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। फतेहाबाद की डीसी कालोनी निवासी रामकुमार भारती, उसकी पत्नी कमलेश, बेटा मोनू व बेटी राजबाला गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दूसरी कार में सवार जींद निवासी कुलदीप उसकी पत्नी मंजू, बेटी अलका, साली अंजू, बेटा हिंमाशु व अमन घायल हो गये।