पिहोवा के पृथुदक पार्क सहित तीन पार्कों के सौंदर्यकरण और विकास पर खर्च होगा 1 करोड़ 72 लाख : संदीप


पिहोवा 24 अगस्त (वजीर सिंह) पिहोवा शहर के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है, इस शहर के लोगों की सालों पुरानी मांग को राज्य सरकार की तरफ से पूरा किया जा रहा है। इस शहर में पृथुदक पार्क के साथ-साथ मॉडल टाउन की दो पार्कों को मॉडल पार्कों के रुप में विकसित किया जा रहा है। इन तीनों पार्कों के सौंदर्यकरण और विकास के लिए राज्य सरकार की तरफ से 1 करोड़ 72 लाख रुपए का बजट खर्च किया जाएगा। इन पार्कों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए नगरपालिका की तरफ से डिजाईन भी तैयार कर लिया गया है। अहम पहलू यह है कि पार्कों की चारदिवारी का कार्य लगभग पूरा किया जा चुका है।
हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने पार्क नवनिर्माण कार्य की समीक्षा करने के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आदेशानुसार इन पार्कों के विकास और सौंदर्यकरण के लिए बकायदा 1 करोड़ 72 लाख की राशि का बजट भी पारित किया गया है। इन पार्कों में चारदिवारी का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अब इन पार्कों को सुंदर और आधुनिक पार्कों में परिवर्तित करने का कार्य किया जाएगा। इसलिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष पिहोवा शहर के लोगों की सालों पुरानी मांग शहर के पार्कों को विकसित और सुंदर बनाने के लिए रखा। इन पार्कों को योजनाबद्घ तरीके से विकसित करने हेतू नगर पालिका के अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे। इन आदेशों के बाद नगर पालिका के अधिकारियों ने विषय विशेषज्ञों के माध्यम से पृथुदक पार्क व मॉडल टाउन के दो पार्कों को मॉडल पार्क बनाने और इनके सौंदर्यकरण और विकास के लिए डिजाईन तैयार किया गया है। इस डिजाईन के अनुसार ही पार्कों का विकास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पृथुदक पार्क में अर्थ फिलिंग का कार्य करने के निर्देश दिए गए है। इन पार्कों में जरुरत के अनुसार नवनिर्माण का बजट भी बढ़ाया जाएगा। पार्कों के सौंदर्यकरण के साथ-साथ युवा वर्ग व बच्चों का विशेष ध्यान रखा गया है। इन पार्कों में युवा वर्ग के लिए ओपन जिम लगाए जाएंगे ताकि युवा वर्ग नियमित रुप से सुबह व सायं के समय व्यायाम कर सके। इसके साथ ही बच्चों के लिए पार्कों में आधुनिक झूले भी लगाए जाएंगे। इन पार्कों के सौंदर्यकरण को चार चांद लगाने के लिए बेहद आकर्षक फव्वारें भी लगाए जाएंगे। इन पार्कों में बुजुर्ग लोगों के बैठने के लिए बैंचों की व्यवस्था भी जाएगी। नपा सचिव अंकुश परासर ने कहा कि आकर्षक पोल लाईट, ओपन जिम, ब्लाक्स, घास, चारदिवारी, पार्कों के शौचालय, लोगों के बैठने के लिए बैंच, फव्वारें, झूले, मिट्टïी भी डाली जाएगी। इन पार्कों का विकास करने के लिए लोगों की भावनाओं को जहन में रखा गया है और प्रयास किया गया है कि शहर के लोगों की इच्छाओं को पूरा किया जाए।
  • पार्कों में लगेंगे ओरनामेंटल पौधे
खेलमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि पिहोवा के तीन पार्कों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ-साथ यहां के पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के लिए अब ओरनामेंटल पौधे लगाए जाएंगे। इन पार्कों में अशोका, पाम, गोल्डन बोटल ब्रश, मोरपंखी, गोल्डमोहर, आंवला, आम, जामुन, अमरुद, मौसमी और अच्छी गुणवता वाली घास भी लगाई जाएगी। इन पौधों में से जो भी पौधे अच्छे होंगे उन्हें लगाया जाएगा। इन पौधों के लगने से पार्कों के सौंदर्यकरण में चार चांद लग जाएंगे।