कैथल, 28 जुलाई (रवि गोयल) सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में एक समान विकास हो रहा है। हरियाणा प्रदेश में लगभग 80 हजार युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार मुहैया करवाया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा हर जिला में मैडिकल कॉलेज खोलने की प्रक्रिया चल रही है, जिसके तहत जल्द ही कैथल में मैडिकल कॉलेज का निर्माण होगा।
सांसद नायब सिंह सैनी लोक निर्माण विश्राम गृह में जनता दरबार लगाकर आमजन की समस्याओं को सुन रहे थे। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को समस्या निवारण के निर्देश देते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारी समस्या के निपटान उपरांत उसकी रिपोर्ट देना भी सुनिश्चित करें। बता दें कि जनता दरबार में लगभग 200 लोगों ने बिजली, पानी, स्वास्थ्य, गलियां, सड़कें, बीपीएल, प्रधानमंत्री आवास योजना आदि से संबंधित शिकायतें सांसद को दी। इस अवसर पर विधायक लीला राम, उपायुक्त सुजान सिंह, जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर, अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर सिंह कुंडु, एसडीएम कमलप्रीत कौर, पूर्व विधायक फूल सिंह खेड़ी आदि मौजूद रहे।
सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि कोरोना महामारी के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 लाख करोड़ रुपए का पैकेज आत्मनिर्भर भारत के लिए दिया, जिससे नए उद्योग व पुराने उद्योगों को दोबारा पटरी पर लाने में बहुत मदद मिल रही है। ग्रामीण परिवेश में लोगों को रोजगार देने के लिए मनरेगा का बजट बढ़ाया गया है। आज पूरा विश्व देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के परिणाम स्वरूप भारत में निवेश करने के लिए इच्छुक है। लॉकडाउन के तहत केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए अनेक कदम उठाए गए, उन्हें सूखा राशन, खाने के पैकेट तथा प्रवासी मजदूरों को भोजन व उनके घर तक भेजने की समूचित व्यवस्था की गई। हरियाणा प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा भ्रष्टïाचार मुक्त सुशासन व्यवस्था लोगों को दी जा रही है। ईस्माईलाबाद से कोटपुतली तक बनने वाले कॉरिडोर से इस क्षेत्र के लोगों को पूरा लाभ मिलेगा। सांसद ने कहा कि आज विपक्ष के पास कोई भी मुद्दा नही है, पिछली सरकार की गलत नीतियों के कारण पीटीआई सड़कों पर ठोकरे खा रहे हैं। उस समय के नेताओं को मांग करनी चाहिए कि जिन व्यक्तियों ने मलाई खाकर गलत काम किया है, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो। सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा हर किसी को सम्मान दिया गया है। राज्य के अतिथि अध्यापकों को भी सरकार द्वारा एक नीति बनाकर रखा गया है और उन्हें पूरा सम्मान दिया है।
इस मौके पर विधायक लीला राम, उपायुक्त सुजान सिंह, जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर, अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर सिंह कुंडु, एसडीएम कमलप्रीत कौर, डीएसपी कुलवंत सिंह, पूर्व विधायक फूल सिंह खेड़ी, मनीष कठवाड़, हरपाल शर्मा, रामकुमार नैन, मुकेश जैन, विरेंद्र बत्तरा, रोहन मित्तल, गौरव मित्तल, संगीता, देवीदयाल, कृष्ण पिलनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।