स्ट्रीट लाइटें ठीक करने का कार्य शुरू, विधायक के दरबार में शहरवासियों ने की थी शिकायत



घरौंडा ( प्रवीण कौशिक) शहर के सर्विस रोड व गलियों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने का काम शुरू हो चुका है। कई महीनों से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा शहरवासियों ने विधायक हरविंद्र कल्याण के दरबार में उठाया। विधायक कल्याण ने नगरपालिका को स्ट्रीट लाइटें ठीक करने के निर्देश जारी कर दिए थे। जिसके बाद स्ट्रीट लाइटें ठीक करने का काम शुरू हुआ।
            नगरपालिका ने शहर की सड़कों और गलियों को रोशन करने के लिए लाखों रुपए खर्च कर स्ट्रीट लाइटें लगवाई। लाइटें लगने के कुछ दिन बाद ही कुछ लाइटें खराब हो गई थी, जबकि कुछ लाइटें तो शुरू भी नहीं हो पाई थी। जिस कारण शहर की गलियों और सड़कों पर अंधेरा छाया हुआ था। नगरपालिका में कई बार शिकायतें करने के बावजूद समस्या का कोई भी समाधान नहीं हो पा रहा था। नगरपालिका के अधिकारी लोगों को लाइटें ठीक करने का आश्वासन तो देते थे लेकिन समस्या का समाधान नहीं करते थे। जिस परेशान शहरवासियों ने इसकी शिकायत बीते शनिवार को विधायक हरविंद्र कल्याण के सामने की थी। विधायक हरविंद्र कल्याण ने मार्किट कमेटी कार्यालय में लोगों की समस्याओं के निराकरण के लिए खुला दरबार लगाया हुआ था। विधायक ने सामने जब खराब लाइटों का मामला आया तो उन्होंने तुरंत संज्ञान लिया और नगरपालिका अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से शहर की लाईटों को ठीक करने के निर्देश दिए। जिसके बाद मंगलवार को नगरपालिका ने लाइटों को ठीक करने का काम शुरू कर दिया है। नपा कर्मचारी क्रेन की सहायता से ऊंची-ऊंची लाइटों को ठीक करने में लगे हुए है। लाइटों की मरम्मत का काम शुरू होने से शहरवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगरपालिका ने विधायक के निर्देश पर कार्य शुरू किया है। ऐसे में स्पष्ट है कि अधिकारी जनता की नहीं सुनते, यदि जनता को अपनी किसी भी समस्या का समाधान करवाना है तो विधायक या एमपी के दरबार में जाना पड़ेगा।
  • घरौंडा में शहर खराब पड़ी लाइटों का काम नगरपालिका ने शुरू कर दिया है। सर्विस रोड और गलियों में खराब पड़ी लाइटें जल्द ही ठीक हो जाएगी।-रविप्रकाश शर्मा, सचिव नगरपालिका घरौंडा