सर्वे के कार्य में लगे बीएलओ अगर ठीक प्रकार से कार्य नही करेंगे तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी : उपायुक्त सुजान सिंह


कैथल (रवि गोयल) उपायुक्त सुजान सिंह ने कहा कि परिवार पहचान पत्र के लिए जितने भी आवेदन आए हैं और अपलोड करने बाकि हैं, उन्हें आगामी 3 दिनों में अपलोड करवाना सुनिश्चित करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही नही होनी चाहिए। परिवार पहचान पत्र के कार्य में कोई भी घर नहीं छूटना चाहिए। सर्वे के कार्य में लगे बीएलओ अगर ठीक प्रकार से कार्य नही करेंगे तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उपायुक्त सुजान सिंह लघु सचिवालय में परिवार पहचान पत्र सीडिंग कार्य को लेकर संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक ले रहे थे। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर सिंह कुंडु भी मौजूद रहे। 
            उपायुक्त सुजान सिंह ने समीक्षा करते हुए कहा कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार जिला में 2 लाख 3 हजार 467 परिवार हैं। इन परिवारों में से 1 लाख 78 हजार 40 परिवारों का सर्वे पूरा हो चुका है। बाकि रहे 62 हजार 25 परिवारों का शीघ्र सर्वे करके अपलोड करना सुनिश्चित करें। परिवार पहचान पत्र की प्रगति की खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल निरंतर समीक्षा करते हैं। फार्म को अपलोड करते समय व्यक्ति का जो नाम आधार कार्ड पर दर्ज है, उसे दुरूस्त अपलोड करना सुनिश्चित करें। जितना भी कार्य लंबित है, उसे जल्द पूरा करके शत-प्रतिशत किया जाए। सभी वार्ड कमेटियां यह दोबारा जांच करें कि कोई भी घर परिवार पहचान पत्र के बिना नही रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए 804  लोकल कमेटियां, 71 सैक्टर कमेटियां तथा 12 जोनल कमेटियां गठित की गई हैं। उपायुक्त ने कहा कि इस कार्य को पूरी जिम्मेदारी से करें। संबंधित अधिकारी भी इस पर पूरी निगरानी रखते हुए सीडिंग का कार्य करवाना सुनिश्चित करें। इस मौके पर एडीसी सतबीर सिंह कुुंडु, डीआरओ सुरेश कुमार, तहसीलदार सुदेश मेहरा, नायब तहसीलदार ईश्वर सिंह, बीडीपीओ सुरेंद्र शर्मा, डीआईओ दीपक खुराना के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

  • सभी खबरें सबसे पहले देखने के लिए देखें : www.samaykitaqat.com 
  •  समाचार भेजने के लिए सम्पर्क करें : email : samaykitaqat@gmail.com 
  •  पत्रकारिता के इच्छुक व्यक्ति सम्पर्क करें : +91-9416541457 
  •  विज्ञापन, लेख व समाचार देने के लिए सम्पर्क करें : +91-9416541475