चल रहे विकास कार्यों को तेजी से पूर्ण करवाएं अधिकारी : रामकरण काला


शाहाबाद मारकंडा (चिराग शर्मा) शाहाबाद के विधायक रामकरण काला ने कहा कि नगर व हल्के में चल रहे विकास कार्यों को तेजी से सभी विभागों के अधिकारी पूर्ण करवाएं। मंगलवार को लोकनिर्माण विश्राम गृह में उपमंडल के अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए विधायक रामकरण काला ने कहा कि नगर में चल रहे बरसाती नाले के निर्माण कार्य को जल्द पूरा करवाएं। उन्होंने कहा कि नगर में विश्रामगृह के सामने का रास्ता, न्यू कोर्ट कॉम्पलैक्स का निर्माण कार्य, एसडीएम कार्यालय का नया भवन, हल्के के गांव कलसाना में मारकंडा नदी पर बने ओवर ब्रिज तथा ब्रिज के दोनों तरफ सर्विस रोड बनाते समय गांव के किसी भी मकान को क्षति नहीं पहुंचनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि गांव में चल रहे विकास कार्यों को तेजी से पूर्ण करवाएं। अगर किसी भी कार्य में कोई समस्या आती है तो उनके संज्ञान में लाएं। उन्होंने कहा कि नगर के लाडवा रोड, बराडा रोड, हुडा सैक्टर, स्कूलों के प्रांगण में मिट्टी डलवाने का कार्य, स्कूलों की चारदीवारी इत्यादि चल रहे विकास कायों को तुरंत पूर्ण करवाया जाए। उन्होंने कहा कि नगर व गांव में बिजली की सप्लाई निरंतर जारी रहनी चाहिए। अगर किसी कारणवश बिजली का कट लगता है तो पहले इसकी सूचना उपभोक्ताओं को प्रैस व सोशल मीडिया के माध्यम से दी जाए।
एसडीएम डा. किरण सिंह ने कहा कि उपमंडल के सभी विभागों के अधिकारी अपनी मासिक प्रगति रिपोर्ट हर महीने एस.डी.एम. कार्यालय में भिजवाएं। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि नगर व गांव में चल रहे विकास कार्यो को गंभीरता से लें तथा बरसात के सीजन में नगर व गांवों के सभी बरसाती व अन्य नालों तथा तालाबों की सफाई का कार्य तुरंत पूरा करवाया जाए। इस अवसर पर तहसीलदार टी.आर.गौतम, खंड शिक्षा अधिकारी शशि धवन, बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता हिमांशु पंवार, पंचायती राज के एसडीओ जिले सिंह, एसडीओ विनोद कुमार, हल्का प्रधान सूबे सिंह त्यौड़ी, विष्णु भगवान गुप्ता, दर्शन लाल, दीपक, दयानंद, मनीष कुमार, अनिल सैनी तथा प्रभजीत सिंह जीता मौजूद थे।

  • सभी खबरें सबसे पहले देखने के लिए देखें : www.samaykitaqat.com 
  •  समाचार भेजने के लिए सम्पर्क करें : email : samaykitaqat@gmail.com 
  •  पत्रकारिता के इच्छुक व्यक्ति सम्पर्क करें : +91-9416541457 
  •  विज्ञापन, लेख व समाचार देने के लिए सम्पर्क करें : +91-9416541475