![]() |
घरौंडा ( प्रवीण कौशिक) बल्हेड़ा गांव के एक युवक के साथ गन प्वाइंट पर बाइक व नकदी लूटने का मामला सामने आया है। पीडि़त ने दो युवकों पर लूटपाट करने का आरोप लगाया है। युवक ने मामले की सूचना पुलिस को की है। पुलिस ने सूचना के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है।
गांव बल्हेड़ा निवासी 19 वर्षीय जावेद पुत्र सलीम की गांव में मोबाइल कम्युनिकेशन की दुकान है। दुकान का सामान लेने के लिए जावेद सोमवार को बाइक से बरसत गांव में आया था। दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे वह अपनी बाइक पर बल्हेड़ा की ओर रवाना हुआ। बरसत से कुछ ही किलोमीटर दूरी पर दो युवकों ने उसको लिफ्ट के लिए ईशारा किया। पीडि़त युवक जावेद ने बताया है कि उसने उन दोनों युवकों के पास बाइक को रोक दिया। इतने में ही दोनों युवकों ने अपनी देसी पिस्टल निकाली और उसकी कनपटी पर रख दी। जावेद का आरोप है कि दोनों युवकों ने उसके पास रखी करीब दो हजार रुपए की नकदी लूटी और उसे बाइक छोड़कर भागने के लिए कहा। जिससे वह सहम गया और बाइक छोड़कर बरसत बल्हेड़ा की ओर दौड़ गया। दोनों युवक बरसत की तरफ बाइक लेकर फरार हो गए। युवक ने परिजनों की इसकी सूचना दी। बाद में युवक घरौंडा थाने पहुंचा और पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने सूचना के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है।
- एएसआई बहादुर सिंह, जांच अधिकारी घरौंडा : बल्हेड़ा गांव के युवक जावेद ने दो युवकों पर उसके साथ बाइक व नकदी लूटने का आरोप लगाया है। पीडि़त ने पुलिस को सूचना दी है। मामले की जांच की जा रही है।
- सभी खबरें सबसे पहले देखने के लिए देखें : www.samaykitaqat.com
- समाचार भेजने के लिए सम्पर्क करें : email : samaykitaqat@gmail.com
- पत्रकारिता के इच्छुक व्यक्ति सम्पर्क करें : +91-9416541457
- विज्ञापन, लेख व समाचार देने के लिए सम्पर्क करें : +91-9416541475
