कुरुक्षेत्र ( संजीव बंसल) हरियाणा की महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक गांव में व्यायामशाला खोली जाएगी। इस व्यायामशाला के साथ राज्य सरकार हैल्थ वैलनेस सैंटर को भी खोलने की योजना तैयार कर रही है। इस व्यायामशाला और हैल्थ वैलनेस सैंटर के माध्यम से लोगों को स्वस्थ रखने की पहल की जाएगी। सरकार ने प्रथम चरण में गांव की पंचायती जमीन पर एक हजार योग व व्यायामशाला खोलने का लक्ष्य रखा और इसमें से 511 व्यायामशालाएं बनकर तैयार हो चुकी है और आने वाले 3 माह में 300 और व्यायामशालाएं तैयार कर ली जाएंगी। राज्यमंत्री कमलेश ढांडा रविवार को गांव शांति नगर कुरडी में पंचायत विभाग की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। इससे पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में एक साथ 98 व्यायामशालाओं का उदघाटन किया। इसमें से एक व्यायामशाला कुरुक्षेत्र के गांव शांति नगर कुरडी की भी है। इस उदघाटन समारोह में जहां मुख्यमंत्री मनोहर लाल वीडियों कान्फ्रेसिंग के जरिए चंडीगढ़ से कुरुक्षेत्र की व्यायामशाला के उदघाटन की घोषणा कर रहे थेे, वहीं हरियाणा की महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा, शाहबाद के विधायक रामकरण काला, उपायुक्त धीरेन्द्र खडगटा ने शांति नगर कुरडी की व्यायामशाला के पत्थर से पर्दा हटाकर उदघाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश वासियों को 98 व्यायामशालाओं की सौगात देते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वितीय चरण में भी 1 हजार व्यायामशालाएं खोलने की योजना पर काम करेंगी, अभी हाल में ही सरकार ने प्रथम चरण में 1 हजार व्यायामशालाओं में से 511 व्यायामशालाओं का निर्माण पूरा कर लिया है। सरकार व्यायामशालाओं में हैल्थ वैलनेस सैंटर खोलने की योजना पर भी काम कर रही है ताकि प्रत्येक व्यायामशाला के साथ लोगों को आयुर्वेदिक पद्घित का लाभ भी मिल सके। इन केन्द्रों पर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा। इतना ही नहीं व्यायामशालाओं को शीघ्र ही जिला परिषद को व्यवस्था देखने के लिए तबादला कर दिया जाएगा और इन व्यायामशालाओं में आयुष विभाग के योग शिक्षक लोगों को योग और व्यायाम की शिक्षा भी देंगे। राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी के समय में ग्रामीण स्तर पर व्यायामशाला का उदघाटन करना एक सराहनीय कार्य है। सरकार की प्राथमिकता है कि लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो और स्वस्थ शरीर के साथ कोरोना जैसी वैश्विक महामारी पर जीत हासिल कर सके। यह तभी संभव हो सकता है जब लोग इन व्यायामशालाओं में पहुंच कर नियमित रूम से योग और व्यायाम करें। सरकार प्रत्येक गांव में व्यायामशाला खोलने की योजना पर काम कर रही है, इस व्यायामशाला से हर वर्ग को लाभ मिलेगा और प्रत्येक व्यक्ति का शारिरिक आध्यत्मिक व बौधिक विकास संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि गुरू पूर्णिमा के पावन अवसर पर व्यायामशालाओं को शुरू करके सरकार ने लोगों को एक अनोखी सौगात देने का काम किया है। इन व्यायामशालाओं के साथ प्रत्येक नागरिक को जोडने के लिए आयुष विभाग के शिक्षक योग की अलख जगाने का काम करेंगे। यह शिक्षक लोगों को खाने-पीने, काम करने के तरीकों, सत्य बोलने और इमानदारी के मार्ग पर आगे बढने के लिए जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि आज पूरे विश्व में कोरोना महामारी फैल चूकी है, इस वायरस से बचाव के लिए लोगों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढाने पर बल दिया जा रहा है। यह रोग प्रतिरोधक क्षमता नियमित योग और व्यायाम करने से बढेगी। प्रत्येक व्यक्ति को इन व्यायामशालाओं में पहुंचना चाहिए और नियमित रूप से योग और व्यायाम करने चाहिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने देश व प्रदेश को आत्म निर्भर बनाने का सपना देखा है यह सपना तभी संभव हो पाएगा जब देश व प्रदेश का प्रत्येक नागरिक स्वस्थ होगा। सरकार ने प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को स्वस्थ रखने के लिए ही व्यायामशालाओं को खोलने पर फोकस किया है। जब प्रदेश का प्रत्येक नागरिक स्वस्थ रहेगा तो निश्चित ही देश व प्रदेश का नाम पूरे विश्व में होगा। शाहबाद के विधायक रामकरण काला ने कहा कि गांव शांति नगर कुरडी में व्यायामशाला खुलने से लोगों को लाभ मिलेगा, लोग अब अच्छे वातावरण में रहकर व्यायाम और योग कर सकेंगे। इस समय लोगों को कोरोना वायरस के खिलाफ चल रही जंग को जीतने के लिए अपने स्वास्थ्य की तरफ भी ध्यान देना चाहिए, जब शरीर स्वस्थ रहेगा तो निश्चित ही देश व प्रदेश आत्मनिर्भर बन सकेगा। उपायुक्त धीरेन्द्र खडगटा ने मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि पंचायत विभाग की तरफ से 2 एकड में बनी इस व्यायामशाला में करीब 23 लाख रुपए का बजट खर्च किया है। इस व्यायामशाला में पीने के पानी, शौचालय, सैर करने के लिए ट्रैक की व्यवस्था की है। एसडीएम सोनू राम ने मेहमानों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर डीएसपी गुरमेल सिंह, डीडीपीओ प्रताप सिंह, बीडीपीओ राजेश शर्मा, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. सुदेश जाटियान, जिला परिषद के सदस्य सुरेन्द्र माजरी, सरपंच राजविन्द्र कौर, ज्ञान सिंह, हल्का प्रधान सुबह त्योडी, जगबीर मोहड़ी,शहरी प्रधान प्रवीण शर्मा,रामचंद्र ढोलमाजरा,विष्णु गुप्ता,जयपाल,प्रभजीत सिंह जीता, अंग्रेज सिंह कुरड़ी, हरबेल सिंह आदि गणमान्य लोग उपस्थित थे।