कुरुक्षेत्र (अंग्रेज कुमार) अग्रणी बैंक मैनेजर हरी सिंह गुमरा ने कहा कि पशु किसान क्रेडिट कार्ड योजना की शुरुआत ऐसे किसानों के लिए की गई है जिनके पास जमीन या तो कम है या फिर उनके पास जमीन नहीं है, लेकिन वह दुधारु पशुओ द्वारा दूध उत्पादन कर रहे हैं। इस तरह के किसानों को पशुओ के पालन हेतु ऋण देना ही इस योजना का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने वीरवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि किसान अगर दुधारू गाय का पालन करता है तो उसे 37,406 रुपए से लेकर 43,155 रुपए प्रति गाय प्रति लीटर दूध के हिसाब से और दुधारू भैंस के लिए 63869 प्रति भैंस ऋण ऋण का प्रावधान है। अगर किसान के द्वारा बकरी/ सूअर का पालन किया जाता है तो उसे क्रमश: 4350/16300 रुपए दिए जाएंगे तथा किसान के द्वारा मछली का पालन करने पर प्रति हेक्टेयर 1 लाख 50 हजार ऋण का प्रावधान हैं। उन्होंने कहा कि पशु किसान के्रडिट कार्ड स्कीम भी किसान के्रडिट कार्ड स्कीम (केसीसी) के समान ही है और सुचारू रूप से खाता संचालन करने पर किसान को 2 से 3 प्रतिशत का ब्याज सब्सिडी का भी प्रावधान हैं, बशर्ते कुल ऋण राशी (केसीसी+पशु केसीसी) 3 लाख रूपए तक हो तथा लघु और सीमांत किसानों के लिए इस योजना में रूपए 1 लाख 60 हजार तक लोन बिना सिक्यूरिटी के लोन दिया जायेगा बशर्ते कुल ऋण राशी (केसीसी+पशु केसीसी) 1 लाख 60 हजार रूपए तक हो।
उन्होंने कहा कि इस तरह के कैम्प कुरुक्षेत्र जिले के सभी खंडों में आयोजित किए जाएंगे, 3 जुलाई को बाबैन खंड, 6 जुलाई को इस्माईलाबाद खंड, 8 जुलाई को लाडवा खंड, 10 जुलाई को पिहोवा खंड, 13 जुलाई को पिपली खंड, 15 जुलाई को शाहबाद खंड व 17 जुलाई को थानेसर खंड में कैम्पों का आयोजन किया जाएगा। इन कैम्पों में सभी खंडों के बैंक अधिकारी हिस्सा लेंगे और मौके पर ग्राहकों से ऋण आवेदन भरवाएंगे। इन कैम्पों में जिला पशु पालन विभाग के उप-निदेशक, अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे और आमजन को विस्तार से इस योजना की जानकारी देंगे। शुक्रवार 3 जुलाई को को पहला कैम्प बाबैन खंड में बीडीपीओ कार्यालय में सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी पशुपालक किसानों से अपील करते हुए कहा कि इस कैम्प में जरुर पहुंचे।- सभी खबरें सबसे पहले देखने के लिए देखें : www.samaykitaqat.com
- समाचार भेजने के लिए सम्पर्क करें : email : samaykitaqat@gmail.com
- पत्रकारिता के इच्छुक व्यक्ति सम्पर्क करें : +91-9416541457
- विज्ञापन, लेख व समाचार देने के लिए सम्पर्क करें : +91-9416541475
