कुरुक्षेत्र के 388 गांव हाई स्पीड इंटरनेट की सुविधा से होंगे लैस



कुरुक्षेत्र (संजीव बंसल) कुरुक्षेत्र के अब 388 गांवों में हाई स्पीड इंटरनेट की सुविधा देने की योजना पर काम शुरु कर दिया है। इस योजना के तहत सभी गांवों के सरपंच, सीएससी सेंटर के वीएलई, सीएचसी-पीएचसी, प्राईमरी और सैंकेडरी स्कूल के प्रिंसीपल, राशन डिपू धारक, पशुपालन विभाग के चिकित्सक को प्रथम चरण में 6 महीने के लिए नि:शुल्क इंटरनेट कनैक्शन दिया जाएगा। अहम पहलू यह है कि डिजिटल इंडिया के तहत अब गांव में भी लोगों को वाई-फाई की सुविधा मिलेगी।
कुरुक्षेत्र जिले में बीबीएनएल भारत ब्रॉडबैंड निगम लिमिटेड द्वारा ऑप्टिकल फाईबर केबल के माध्यम से इंटरनेट की सुविधा मिलेगी। इसके लिए पंचायत स्तर पर कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) को जिम्मेदारी दी जाएगी, जिससे जिला की सभी पंचायतों में डिजिटल इंडिया के तहत वाई-फाई ग्राम का सपना जल्द साकार हो जाएगा। वाई-फाई ग्राम चौपाल से दूर-देहातों में रहने वाले लोगों को वैज्ञानिक खोजों, किसानों को कृषि संबंधी जानकारी, छात्रों को एजुकेशन एवं देश-विदेश में हो रही गतिविधियां संबंधी जानकारी मिल सकेगी। जिले की सभी 388 ग्राम पंचायत को 10 अगस्त 2020 तक वाई-फाई ग्राम पंचायत घोषित कर दिया जाएगा। सरकार द्वारा हर गांव में वाई-फाई की सुविधा पहुंचाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सीएससी बीबीएनएल के साथ मिलकर लोगों को अपने ही ग्राम पंचायत में सभी तरह की सुविधा उपलब्ध कराएगी, जिससे लोगों का जीवन स्तर उंचा होगा।
उपायुक्त धीरेन्द्र खडगटा ने कहा कि डिजिटल इंडिया के तहत अब लगभग हर तरह की सेवाएं ऑनलाईन हो गई है। छात्रों को नौकरी का फार्म भरना हो, ग्रामीणों को राशन कार्ड बनवाना हो, रसोई गैस बुक करवाना हो या अन्य सेवाएं लोग अपने मोबाईल या लैपटॉप से कर सकते है, चूंकि इस दौर में हर युवा के हाथ में मोबाईल पहुंच गया है। इसलिए भारत सरकार अब गांव-गांव वाई-फाई की सुविधा देने जा रही है। इसके लिए पंचायतों में हॉट-स्पॉट बनाया जाएगा। इसके लिए जिला की सभी पंचायतों में ओएफसी केबल बिछ चुकी है। दूसरे चरण में हर ग्राम पंचायत भवन में वाई-फाई के लिए यंत्र लगाए जा रहे है, इसमें इलैक्ट्रिक सप्लाई के लिए बिजली कनैक्शन और सोलर पैनल भी लगाएं जाएंगे, जो ऑटोमैटिक चलता रहेगा। इसकी देखरेख की जिम्मेदारी सीएससी के चिन्हित वीएलई करेंगे।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों में उलब्ध इंटरनेट सेवा की गति 100 एमबीपीएस की होगी और इसे गांव के पंचायत भवन में लगाया जाएगा। यहां से 100 मीटर की परिधि में इसका नेटवर्क रहेगा। वहीं घरों में इंटरनेट सेवा यूज करने के लिए सीएससी के चिन्हित वीएलई द्वारा आम लोगों के घरों तक फाईबर टू होम केबल द्वारा ब्रॉडबैंड कनैक्शन दिया जाएगा। डिजिटल इंडिया के तहत हरेक ग्राम पंचायत भवन में लोगों को इंटरनेट के माध्यम से सभी सरकारी व गैर सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। ऑनलाईन सर्विसेज के साथ डिजिटल एजुकेशन, डिजिटल हेल्थ केयर सुविधा, बैंकिंग, कृषि सहित केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा जारी योजनाओं का लाभ पहुंंचाया जाएगा।
  • सभी खबरें सबसे पहले देखने के लिए देखें : www.samaykitaqat.com 
  •  समाचार भेजने के लिए सम्पर्क करें : email : samaykitaqat@gmail.com 
  •  पत्रकारिता के इच्छुक व्यक्ति सम्पर्क करें : +91-9416541457 
  •  विज्ञापन, लेख व समाचार देने के लिए सम्पर्क करें : +91-9416541475