कुरुक्षेत्र 17 जुलाई (संजीव बंसल) थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि थानेसर शहर के लोगों के लिए नगर परिषद द्वारा बकाया सम्पति कर जमा करवाने का एक अवसर दिया जा रहा है। जिस भी व्यक्ति का वर्ष 2016 तक का सम्पति कर बकाया है, उस व्यक्ति को सम्पति कर की राशि में जहां 25 प्रतिशत की छूट मिलेगी वहीं, 100 फीसदी ब्याज भी माफ कर दिया जाएगा। यह फैसला राज्य सरकार की तरफ से कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
विधायक सुभाष सुधा ने आज यहां बातचीत करते हुए कहा कि कोरोना वायरस ने एक वैश्विक महामारी का रुप धारण कर लिया है। इस महामारी के कारण देश और प्रदेश का प्रत्येक नागरिक प्रभावित हुआ है। इस वायरस से प्रभावित लोगों को राज्य सरकार ने आर्थिक रुप से भी राहत देने की कई योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम किया है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति को किसी प्रकार की दिक्कत ना आने दी जाए और सरकार की तमाम योजनाओं का सीधे फायदा मिल सके। सरकार ने नगर परिषद और नगर पालिकाओं को आदेश दिए कि जिन लोगों के सम्पति कर बकाया है, उन लोगों को छूट देकर कर सम्पति कर जमा करवाया जाए। इस फैसले के बाद नगर परिषद थानेसर ने जिन लोगों का सम्पति कर वर्ष 2016 तक बकाया है, उन लोगों को बकाया सम्पति कर पर 25 फीसदी रिबेट देने के साथ-साथ 100 फीसदी ब्याज माफ करने का भी निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों का वर्ष 2017-18 और 2018-19 का सम्पति कर बकाया है, उन लोगों को बकाया राशि पर 100 फीसदी ब्याज की माफी देने की योजना को लागू किया है। इसके अलावा जिन लोगों ने वर्तमान समय का सम्पति कर जमा करवाना है, उनको 10 प्रतिशत रिबेट देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से इन तमाम योजनाओं का लाभ तभी दिया जाएगा जब लोग 31 जुलाई 2020 तक सम्पति कर जमा करवाएंगे। उन्होंने कहा कि थानेसर नगर परिषद के पास लोगों ने 1 अप्रैल 2020 से लेकर 30 जून 2020 तक 23 लाख 48 हजार 183 रुपए का सम्पति कर जमा करवा दिया है। इस वित्त वर्ष में नगर परिषद ने 3 करोड़ 50 लाख रुपए का सम्पति कर प्राप्त करने का लक्ष्य भी निर्धारित किया है।
- नप के पास 3 महीनों में 72 लाख 53 हजार 563 रुपए विकास शुल्क के रुप में हुए जमा
- सभी खबरें सबसे पहले देखने के लिए देखें : www.samaykitaqat.com
- समाचार भेजने के लिए सम्पर्क करें : email : samaykitaqat@gmail.com
- पत्रकारिता के इच्छुक व्यक्ति सम्पर्क करें : +91-9416541457
- विज्ञापन, लेख व समाचार देने के लिए सम्पर्क करें : +91-9416541475