कुरुक्षेत्र (संजीव बंसल) कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक प्रदीप मिल ने कहा कि सूरजमुखी की फसल की खरीद का कार्य निर्धारित रेट पर ही किया जा रहा है तथा सरकार और प्रशासन द्वारा सभी किसानों की सूरजमुखी की फसल खरीदने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने सूरजमुखी की बिजाई करके मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर 31 मार्च 2020 तक रजिस्टे्रशन करवाया था, उनकी सूरजमुखी की फसल की खरीद शुरु हो चुकी है। इसके साथ-साथ जो किसान कोविड-19 के चलते 31 मार्च से पहले अपना रजिस्ट्रेशन नहीं करवा पाए थे, उनकी वैरिफिकेशन विभाग के माध्यम से करवाई जा रही है।
उन्होंने मंगलवार को बातचीत करते हुए कहा कि पोर्टल पर रजिस्टे्रशन करवाने वाले 3134 किसानों की लिस्ट मार्किट कमेटी के माध्यम प्राप्त हुई थी, पंरतु वैरिफिकेशन में पाया गया कि इनमें से अधिकांश किसानों का रजिस्टे्रशन पहले ही हो चुका है और शेष बचे किसानों का रजिस्ट्रेशन करवाकर उनकी सूरजमुखी की खरीद के इंतजाम किए जा रहे है ताकि वह पोर्टल पर रजिस्टे्रशन करवाकर निर्धारित मूल्य पर सूरजमुखी की मंडियों में बिक्री कर सके। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि सूरजमुखी उत्पादक किसान मार्किट कमेटी में अपना रजिस्टे्रशन चैक करवा कर ही अपनी सूरजमुखी बिक्री हेतू मंडियों में लेकर आए।
उन्होंने कहा कि जिला में बाढ़ के पानी का प्रबंध करने के लिए खंड शाहबाद, इस्माईलाबाद के बाढ़ प्रभावित खेतों में रिचार्ज शॉफ्ट का निर्माण करवाया जा रहा है और योजनानुसार 400 रिचार्ज शॉफ्ट का निर्माण खंड शाहबाद तथा 230 रिचार्ज शॉफ्ट का निर्माण इस्माईलाबाद में करवाया जाएगा। इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करवाया जा रहा है। जिसके तहत खंड शाहबाद में 354 व खंड इस्माईलाबाद में 5 किसानों द्वारा रिचार्ज शॉफ्ट बनवाने के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवा लिया है। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि मेरा पानी मेरी विरासत पोर्टल के रिचार्ज शॉफ्ट कॉर्नर पर अपना रजिस्ट्रेशन जरुर करवाए।
