पिहोवा (जसविन्द्र सिंह राज /वजीर सिंह) हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी ने सरकार की चुनौतियों को बढ़ा दिया है। सरकार के सामने अपने लोगों की जिंदगी बचाने के साथ साथ डगमगा रही अर्थव्यवस्था को रोकने की जिम्मेदारी भी है। इस जिम्मेदारी को निभाने में भाजपा के कार्यकर्ता अहम भूमिका निभा रहे हैं। खेल मंत्री विधानसभा स्तर पर आयोजित वर्चुअल संवाद कार्यक्रम के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पिहोवा हलका के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे थे। वर्चुअल संवाद की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष धर्मबीर मिर्जापुर ने की। जबकि युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सर्वजीत विर्क हैप्पी द्वारा वर्चुअल संवाद का पूरा संचालन संभाला गया।
खेल मंत्री ने कहा कि पार्टी की ओर से सभी मंडलों में जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए मास्क और सेनिटाइजर पहुंचाए गए हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी बनती है कि ऐसे लोगों की पहचान करें। जिन्हें सही में इनकी जरूरत है और उन तक यह सामग्री पहुंचाई जाए। वे जल्द ही खुद इस अभियान में जल्द शामिल होकर जरुरतमंद लोगों तक मास्क सेनिटाइजर पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना ने विकास की रफ्तार को जरुर तोड़ा है। लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं और देशवासियों का हौंसला अभी भी पहले की तरह बरकरार है। पार्टी कार्यकर्ता वालंटियर के रूप में पिछले लगभग तीन महीने से अपने देश की सेवा कर रहे हैं। यही जज्बा हमारे कार्यकर्ताओं को दूसरे दलों के लोगों से अलग दर्शाता है।
खेल मंत्री ने कार्यकर्ताओं को योग के टिप्स देते हुए उन्हें घर घर तक योग का प्रचार करने के लिए भी प्रेरित किया। जिलाध्यक्ष धर्मबीर मिर्जापुर ने कहा कि सभी बीएलए टू, शक्ति केंद्र प्रमुख और अन्य पदाधिकारी अपने आसपास लोगों की जरूरतों का ध्यान रखें और यदि कोई सामूहिक समस्या आ रही है तो उसे सरकार तक पहुंचा कर उसका हल करवाने का प्रयास करें। क्योंकि विश्व के अन्य देशों को टक्कर देने के लिए एकजुट होकर अपने देश के लिए काम करना होगा। बैठक में मंडलाध्यक्ष राकेश पुरोहित, साधु सिंह सैनी बाखली मंडल, चिरंजीव गर्ग इस्माइलाबाद, युवा मोर्चाध्यक्ष विकल चौबे, महामंत्री रमेश वर्मा, तिलक राज संधौला, जगपाल सिंह, अजय कुमार, परमजीत, सुखविंद्र बिट्टू, संदीप गर्ग, कपिल, प्रिंस गर्ग, नवीन गर्ग, तीनों मंडलों के अध्यक्षों सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वर्चुअल संवाद में भाग लिया।
